Seoni News: रास्ते पर उड़ेल दिया शहर का कचरा, लगा अंबार,लोग आक्रोशित

  • नपा के छिडिया स्थित अपशिष्ट प्रसंस्करण और निपटान स्थल का मामला
  • रास्ता किनारे 100-150 मीटर तक कचरे का अंबार
  • लोग परेशान

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-07 03:50 GMT

Seoni News: नगर पालिका की भर्राशाही और मनमानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक ओर नगर पालिका में हुआ लाखों-करोड़ों का भ्रष्टाचार उजागर हो रहा, वहीं दूसरी ओर अत्यावश्यक सेवाओं में भी मनमानी की जा रही है। शहर से लगे छिडिया पलारी स्थित नगर पालिका के अपशिष्ट (कचरा) प्रसंस्करण और निपटान स्थल पर चौबीसों वार्ड का घर-घर व शहर से एकत्र कचरा पहुंचता है। नगर पालिका के अफसरों ने मनमानी करते हुए अपशिष्ट प्रसंस्करण और निपटान स्थल के भीतर कचरा डंप करवाने की बजाय बाहर रास्ते पर ही कचरे का अंबार लगवा डाला है। इससे पूरा क्षेत्र सड़ांध मार रहा है। हजारों मक्खियों ने ग्रामीणों व आसपास के रहवासी इलाकों का जीना दुश्वार कर रखा है। छिडिया पलारी, रामनगर, जगदंबा समृद्धि परिसर, डोरली छतरपुर के लोगों में इससे भारी आक्रोश है। रविवार को क्षेत्र की परेशान महिलाओं ने शहर से कचरा लेकर आने वाले टिप्पर वाहन के समक्ष जमकर नाराजगी जताई। महिलाओं का कहना था कि कचरा यार्ड को यहां से कहीं और शिफ्ट किया जाए। मक्खियों ने सबका जीना दुश्वार कर रखा है। कचरा यार्ड के बाहर रास्ते पर कचरे का अंबार लगाने वाले नगर पालिका के अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाए।

100 मीटर से ज्यादा कचरा ही कचरा

अपशिष्ट प्रसंस्करण और निपटान स्थल के भीतर की बजाय बाहर स्थित रास्ता किनारे 100-150 मीटर तक कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे पूरा क्षेत्र सड़ांध मार रहा है। नगर पालिका के अधिकारियों द्वारा कचरे का यह पूरा अंबार बारिश के दौरान लगवाया गया है। रविवार को दैनिक भास्कर ने मौके पर दस्तक दी तो सामने आया कि अपशिष्ट प्रसंस्करण और निपटान स्थल के भीतर सुगम आवाजाही के कोई इंतजाम ही अब तक नहीं किए गए हैं। यहां अपशिष्ट प्रसंस्करण और निपटान स्थल बनाकर नगर पालिका के जिम्मेदार अन्य व्यवस्थाएं बनाना ही भूल गए।

लाखों फूंक कर हाथ पर हाथ

नगर पालिका ने यहां दो साल पहले लाखों रुपए खर्च कर शहर के कचरा निष्पादन को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे। 24 केएलडी क्षमता के फीकल स्लज शोधन संयंत्र के साथ ही अन्य निर्माण भी किए गए, जिनकी हालत बता रही कि स्थापना के बाद नगर पालिका के जिम्मेदार यहां खुद दोबारा झांकने तक नहीं पहुंचे। कचरा निष्पादन के लिए कुछ माह पहले ट्रामल मशीन लगाकर भी बड़े दावे किए गए, लेकिन कुछ दिन चलने के बाद मशीन बंद पड़ी हुई है।

परेशान लोगों ने क्या कहा

रास्ते पर कचरा डाल दिया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोग परेशान हैं। मक्खियों की भरमार ने घर पर रहना भी मुश्किल कर दिया है।

नीलम मरावी

बड़ी संख्या में मक्खियां घर में आ जाती हैं। पापड़, बड़ी तक बनाना मुश्किल हो गया है। कचरा निपटान स्थल को कहीं और ले जाना चाहिए।

गंगू बाई

मक्खियों के चलते सभी लोग परेशान हैं। रास्ते पर कचरा डालकर गंदगी फैला दी गई है। नियमों के तहत कचरा निष्पादन नहीं हो रहा।

सुमन रजक

जब से नगर पालिका ने यहां अपशिष्ट प्रसंस्करण और निपटान स्थल प्रारंभ किया है, तब से पूरे क्षेत्र के लोग परेशान हो रहे हैं।

सुनीता बाई

रास्ते पर कचरा डालकर गंदगी फैलाने के मामले में मेरे द्वारा सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।

सागर जंघेला

खेत के सामने रास्ते पर ही शहर से लाकर कचरा डाल दिया है। अंबार लगा हुआ है। सड़ांध व मक्खियों के चलते दिक्कत हो रही।

अब्दुल समद

रास्ते पर डाले गए कचरे को जल्द ही पूरी तरह से हटवा दिया जाएगा। इस साल लगातार बारिश के कारण वाहन अपशिष्ट प्रसंस्करण और निपटान स्थल के भीतर नहीं जा पा रहे थे, इस कारण शहर से एकत्र कचरा बाहर डम्प कराया गया। भीतर जल्द ही व्यवस्थाएं दुरूस्त की जाएंगी।

राजिक अकील, सभापति, स्वास्थ्य

Tags:    

Similar News