मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर की घटना पर दु:ख व्यक्त किया

  • घटना में एक महिला की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है
  • समुचित इलाज की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया है
  • प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण भी किया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-05 19:39 GMT

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के निर्माणाधीन आईटीसी निजी होटल के किचन में गैस पाइप लाइन टेस्टिंग के दौरान आग लगने की घटना में एक महिला की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना में मृतक महिला के शोकाकुल परिजन के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभीघायलों को बेहतर उपचार देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, इसके लिए जिला प्रशासन जबलपुर को समुचित इलाज की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मृतक के परिवार को 4 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति पर नियंत्रण तथा होटल संचालकों द्वारा निर्धारित मापदंडों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश भी दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि जबलपुर के तिलवारा क्षेत्र में इस घटना में आठ व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। कमिश्नर, आईजी और कलेक्टर जबलपुर ने घायलों के उपचार की जानकारी प्राप्त की और चिकित्सकों से समुचित उपचार के संबंध में चर्चा की। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण भी किया।

Tags:    

Similar News