गोलीकांड: चित्रकूट के पुलिस थाने में सरकारी पिस्टल से चली गोली, 2 सब इंस्पेक्टर जख्मी

  • बांदा रेंज के डीआईजी के निरीक्षण से एक घंटे पहले घटना हुई
  • पिस्टल से गोली चलने से सब इंस्पेक्टर बुरी तरह घायल हो गए
  • घायल को इलाज के लिए कर्वी अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-03 05:36 GMT

डिजिटल डेस्क, सतना। जिले की सीमा से लगे उत्तर प्रदेश के चित्रकूट धाम जिला अंतर्गत थाना पहाड़ी में बांदा रेंज के डीआईजी के निरीक्षण से एक घंटे पहले सरकारी पिस्टल से गोली चल गई, जिससे सब इंस्पेक्टर घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए कर्वी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चित्रकूट एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को डीआईजी बांदा जिले के दौरे पर थे। उन्हें निरीक्षण की कड़ी में दोपहर 3 बजे थाना पहाड़ी पहुंचना था, जिसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई थीं।

पुलिसकर्मी हथियारों को खोलने और जोड़ने का अभ्यास कर रहे थे, इस दौरान तकरीबन डेढ़ बजे सब इंस्पेक्टर ननकऊ गौतम और सुरेश बहादुर सिंह जब पिस्टल को लोड-अनलोड कर रहे थे तभी अचानक गोली चल गई, जो ननकऊ की हथेली को चीरते हुए सुरेश बहादुर के पेट में घुसकर पीठ से निकल गई।

लाए गए हॉस्पिटल

फायर होते ही थाना परिसर में हड़कंप मच गया, तो वहीं मौके पर मौजूद थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मी आनन-फानन सरकारी जीप से दोनों सब इंस्पेक्टर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कर्वी जिला चिकित्सालय ले आए।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने एक्स-रे कराते हुए आवश्यक इलाज प्रारंभ किया, जिससे दोनों की स्थिति खतरे से बाहर हो गई। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर घायल सब इंस्पेक्टरों को प्रयागराज मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

राजापुर में थे डीआईजी

जिस समय पहाड़ी थाने में यह घटना हुई, तब बांदा रेंज के डीआईजी अजय कुमार सिंह राजापुर में निरीक्षण कर रहे थे, इसके बाद उन्हें भोजन के लिए जाना था। दोपहर 3 बजे से पहाड़ी पहुंचकर इंस्पेक्शन करने का कार्यक्रम तय था, मगर गोलीकांड के चलते आगे की प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। वहीं इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच के लिए चित्रकूट एसपी ने आदेश जारी कर दिया है। हालांकि सूत्रों का दावा है कि यह घटनाक्रम डीआईजी की मौजूदगी में हुआ था।

Tags:    

Similar News