हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 रिजल्ट: 'वो तो जीत गईं, लेकिन कांग्रेस का तो...' जुलाना सीट से विनेश फोगाट की जीत पर बृजभूषण शरण सिंह ने दी प्रतिक्रिया

  • हरियाणा में सामने आए विधानसभा चुनाव के परिणाम
  • विनेश फोगाट ने जुलाना सीट से दर्ज की जीत
  • महिला पहलवान की जीत पर बृजभूषण शरण सिंह ने कसा तंज

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-08 17:29 GMT

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं। राज्य में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। जबकि, एग्जिट पोल में बाजी मारने वाली कांग्रेस को नतीजों में तगड़ा झटका लगा है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि, कांग्रेस के पाले में 37 सीटें ही आई हैं। इस बीच जुलाना सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट ने 6,015 वोटों के साथ जीत अपने नाम कर ली है। उन्होंने इस सीट से भाजपा के कैंडिडेट योगेश कुमार को हराया है। इसी के साथ विनेश फोगाट के राजनीतिक करियर की यह पहली बंपर जीत बन गई है। इस पर भाजपा के दिग्गज नेता और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का रिएक्शन सामने आया है।

विनेश फोगाट की जीत पर कसा तंज

मीडिया से बातचीत के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "पहलवान आंदोलन के नाम पर लोगों को भ्रमित किया गया। ये जो पहलवान जीते हैं, वो नायक नहीं खलनायक हैं। वो तो जीत गईं, लेकिन कांग्रेस का तो सत्यानाश हो गया। वो कुश्ती के मैट पर भी बेईमानी करके जीत जाती थी अब चुनावी मैदान में भी जीत गई।"

इसके बाद भाजपा नेता ने तीखे शब्दों में आगे कहा, "ये जो खुद को पहलवान कहते हैं, ये हरियाणा के हीरो नहीं हैं। ये अब युवा पहलवानों के लिए किसी दुश्मन की तरह बन गए हैं। वो (विनेश फोगाट) अगर मेरे नाम का इस्तेमाल करके जीती है, इसका मतलब वो व्यक्ति मैं हूं जिसने उन्हें जीतने में मदद की है।"

बृजभूषण शरण सिंह पर लगे थे यौन शौषण के आरोप

बृजभूष शरण सिंह की मुश्किलें साल 2023 के जनवरी से बढ़ गई थी। भारतीय कुश्ती संघ के तत्कालीन अध्यक्ष पर महिला पहलवानों ने उनके साथ छेड़छाड़, घूरने, डराने, धमकाने और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। महिला रेसलर्स ने सड़को पर बैठक कर उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ऊपर लगे इन आरोपों को हर वक्त गलत ठहराते आए है। 

Tags:    

Similar News