हाथरस हादसा: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कर सकते हैं दौरा

  • सीएम ने अधिकारियों संग की बैठक
  • तीन मंत्रियों को भी मौके पर भेजा
  • मुख्यमंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-03 03:45 GMT

डिजिटल डेस्क, हाथरस। उत्तर प्रदेश में हुए हाथरस हादसे के बाद सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज हादसास्थल का दौरा कर सकते हैं। हादसे में अब तक 116 लोगों की मौत हो गई थी। सीएम ने हाथरस हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परजिनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र -अतिशीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने हादसे के मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान करते हुए तत्काल राहत राशि मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने जिला प्रशासन को घायलों का बेहतर उपचार करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर घटना के मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

आपको बता दें इससे पहले घटना की खबर मिलने के ततत्काल बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार मौके के लिए रवाना हुए। सीएम योगी ने हादसे के कारणों की जांच के लिए एडीजी आगरा और मंडलायुक्त अलीगढ़ के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया। ये जांच टीम 24 घंटे में रिपोर्ट देने के साथ कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव और डीजीपी के अलावा तीन मंत्रियों को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।मंत्रियों में  गन्ना विकास मंत्री मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह शामिल है जो तत्काल हाथरस के लिए रवाना हो गए। मंत्रियों को मौके पर रहकर घायलों के उपचार की व्यवस्था व राहत कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।सीएम ने मंत्रियों ने साथ ही मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद देने को भी कहा गया है। वहीं बुधवार को मुख्यमंत्री खुद भी हादसास्थल का दौरा कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News