लोकसभा चुनाव 2024: 'वह राजनीतिक मकसद से अमेठी आईं, रिश्ता बनाने में उन्हें 40 साल लगेंगे', प्रियंका गांधी ने साधा स्मृति ईरानी पर निशाना

  • अमेठी और रायबरेली में लगातार रैलियां कर रहीं प्रियंका गांधी
  • स्मृति ईरान पर साधा निशाना
  • पीएम को दी नामांकन की बधाई

Bhaskar Hindi
Update: 2024-05-14 13:06 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव का चौथा चरण कंपलीट हो चुका है। इसके साथ ही सभी दलों ने अगले चरणों के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता इस महामुकाबले में जीत हासिल करने के लिए लगातार रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी अपने पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में देशभर में चुनावी सभा कर रही हैं। प्रियंका का ज्यादा फोकस नेहरू-गांधी परिवार की गढ़ माने जाने वाली यूपी की अमेठी और रायबरेली सीट पर है। रायबरेली से जहां उनके भाई राहुल गांधी उम्मीदवार हैं तो वहीं अमेठी से उनके परिवार के करीबी माने जाने वाले केएल शर्मा चुनावी मैदान में हैं।

आज उन्होंने अमेठी में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने न्यूज चैनल आजतक को दिए इंटरव्यू में अमेठी से मौजूदा सांसद स्मृति पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस महासचिव ने कहा, "वह (स्मृति इरानी) अपने राजनीतिक मकसद के साछ अमेठी आई थी। उन्हें रिश्ता बनाने में 40 साल लगेगा।"

जनता जानती है उनके लिए क्या अच्छा है

उन्होंने आगे बताया कि वह अमेठी और रायबरेली में गांव-गांव प्रचार करने जा रही हैं। जब छोटी थीं तब भी आती थीं। चाहे हम सांसद रहें या ना रहें इससे हमारा कोई ताल्लुक नहीं है। जनता और नेता के बीच एक आदर का रिश्ता था। वो अब नहीं निभाया जा रहा है। जनता जानती है कि उनके लिए अच्छा क्या है।

पीएम मोदी से किया सवाल

इस दौरान प्रियंका ने पीएम नरेंद्र मोदी को वाराणसी से नामांकन दाखिल करने की बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने पीएम के उस भाषण को लेकर भी कमेंट किया जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस का यूपी में खाता भी नहीं खुलेगा। प्रियंका ने कहा, "मैं तो ज्योतिषी नहीं हूं। अगर वो (पीएम मोदी) हैं तो बताएं कि यूपी में हमारा खाता खुलेगा या नही?

जागरूक बने जनता

प्रियंका ने कहा कि पहले जनता की जागरुकता और उनके बल से ही सरकारों की विदाई हो जाती थी। उन्होंने कहा, "मैं जनता को कहती हूं कि जागरुक बनें. समझें की कौन से पार्टी आपके लिए क्या कर रही है और पहले क्या किया। जहां हमारी प्रदेशों में सरकारें हैं, उन्हें देखिए और समझिए। सबको देखते हुए अपने विवेक से वोट डालिए।" इसके साथ ही उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान बदलने की जो लोग बात करते हैं उनसे इस देश को बचाने की जरुरत है। बता दें कि अमेठी और रायबरेली में पांचवे चरण यानी 20 मई को वोटिंग होगी।

Tags:    

Similar News