एग्जिट पोल: कुछ घंटों में जम्मू कश्मीर और हरियाणा के एग्जिट पोल आना शुरू हो जाएंगे

  • हरियाणा में एक चरण में हो रहा है चुनाव
  • जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में हुई वोटिंग
  • एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल में अंतर

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-05 08:27 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव की वोटिंग प्रकिया खत्म होने के बाद आज शाम को एग्जिट पोल आना शुरु हो जाएगा। हरियाणा के साथ साथ करीब दस साल जम्मू कश्मीर में हो रहे विधानसभा चुनाव का एग्जिट पोल भी आना शुरु हो जाएगा। आपको बता दें जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में और हरियाणा में एक चरण में चुनावी वोटिंग हुई। अब कुछ घंटों के बाद एग्जिट पोल जारी होने लगेंगे। एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल को लेकर राजनैतिक दलों के बीच बहस छिड़ी हुई है। ऐसे में हम आपको बताएंगे कि एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल क्या होते है? साथ ही, इन दोनों में क्या अंतर है।

एग्जिट पोल

एग्जिट पोल एक ऐसा सर्वे है जो चुनाव के समय किया जाता है। इस सर्वे के हिसाब से यह अनुमान लगाया जाता है कि किस पार्टी के जीतने के आसार ज्यादा हैं। वोटिंग खत्म होने के बाद एग्जिट पोल रिपोर्ट तैयार की जाती है। एग्जिट पोल की रिपोर्ट तैयार करने के लिए मतदान करने आए मतदाताओं से चुनाव से जुड़े कुछ सवाल पूछे जाते हैं। इन्हीं जवाबों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाती है।

आपको बता दें एग्जिट पोल पहली बार अमेरिका में 1936 में शुरू हुआ था। एग्जिट पोल का सर्वे न्यूयॉर्क में जॉर्ज गैलप और क्लॉड रॉबिनसन की ओर से किया गया था। वहीं भारत में दूसरे आम चुनाव 1957 में एग्जिट पोल कराए गए। यह पोल इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक ओपिनियन ने किया था। भारत में 1998 से पहले एग्जिट पोल को लेकर कोई गाइडलाइन नहीं थी। रिप्रेजेंटेशन ऑफ पीपुल्स एक्ट 1951 के हिसाब से एग्जिट पोल के परिणाम तब तक जारी नहीं किए जा सकते जब तक सभी चरणों में मतदान न हो जाए। कई बार एग्जिट पोल ठीक साबित होते है। कई बार इनके विपरीत भी नतीजे आए है।

ओपिनियन पोल

ओपिनियन पोल चुनाव के पहले किया जाने वाला सर्वे है। इस सर्वे में देश के अलग- अलग क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के मूड का अंदाजा लगाया जाता है। जनता से कुछ सवालों के बारे में जानकारी जुटाकर चुनावी पार्टियों की दशा और दिशा को भांपना का काम करते है। सरकार की योजनाओं के बारे में जनता से सवाल किया जाते है। इसके आधार पर विजेता पार्टी का अनुमान लगाया जाता है। चुनावी तारीखों के ऐलान होने और आचार संहिता लागू होते ही ओपिनियन पोल पर रोक लगा दी जाती है।

एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल में अंतर

अक्सर लोगों को यह लगता है कि एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल एक ही है, लेकिन ऐसा नहीं होता। आपको बता दें इन दोनों में काफी अंतर है। ओपिनियन पोल में मतदान होने से पहले सर्वे किया जाता है। दूसरी तरफ एग्जिट पोल मतदान के बाद का डाटा होता है। ओपिनियन पोल में वोटिंग से पहले ही लोगों की राय ली जाती है। वहीं, एग्जिट पोल में वोटिंग के बाद वोटर की राय ली जाती है। जिसके आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाती है।

Tags:    

Similar News