मस्जिद मामला: शिमला में मस्जिद के खिलाफ हिंदू संगठनों का प्रोटेस्ट, बैरिकेडिंग तोड़कर मस्जिद की ओर जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने खदेड़ा

  • शिमला में मस्जिद पर मचा बवाल
  • ओवैसी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
  • प्रदेश का लॉ एंड ऑर्डर बिगड़ने नहीं दिया जा सकता है-सिंह

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-11 10:54 GMT

डिजिटल डेस्क, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मस्जिद विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिमला के संजौली में हिंदू संगठनों का मस्जिद को लेकर प्रदर्शन अभी भी जारी है। आज तमाम हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रोटेस्ट के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ दी। संजौली में तैनात भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश में लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। ये पूरा मामला कोर्ट में है। आपको बता दें कि हिंदू संगठनों की मांग है कि मस्जिद का अवैध निर्माण तुड़वाया जाए। बीते दिन मल्याणा में दोनों समुदायों के बीच हुई लड़ाई के बाद यह मामला भड़क उठा था। शहर में पहले से ही धारा 163 लगी हुई है।

हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने विधानसभा में मस्जिद निर्माण के मुद्दे पर कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था,'संजौली बाजार में महिलाओं का चलना दुशवार हो गया है। लव जिहाद जैसी घटनाएं हो रही हैं, जो प्रदेश और देश के लिए खतरनाक हैं। उन्होंने आगे कहा कि मस्जिद का अवैध निर्माण हुआ है। पहले एक मंजिल बनाई, फिर बिना अनुमति के बाकी मंजिलें बनाई गईं। 5 मंजिल की मस्जिद बना दी गई है। प्रशासन से यह सवाल है कि मस्जिद के अवैध निर्माण का बिजली-पानी क्यों नहीं काटा गया?'

आआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हिमाचल प्रदेश के मंत्री अनिरुद्ध सिंह के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कांग्रेस पर बीजेपी की भाषा बोलने का आरोप लगाया था। ओवैसी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा था, 'क्या हिमाचल की सरकार भाजपा की है या कांग्रेस की? हिमाचल की 'मोहब्बत की दुकान' में नफरत ही नफरत है।

विवादित मामले पर कांग्रेस नेता और हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह का कहना है कि सभी को शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन किसी को भी कानून व्यवस्था और शांति का माहौल खराब करने का अधिकार नहीं है।

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने मामले को लेकर कहा है कि यह अवैध निर्माण का मुद्दा है, इसे मस्जिद विवाद से नहीं जोड़ना चाहिए। नरेश चौहान ने कहा है कि लोगों ने इस मुद्दे को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया है। सख्त कदम उठाने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से तैयार है, ताकि शांति बनी रहे। 

Tags:    

Similar News