उपचुनाव: राजनीति में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी की एंट्री, देहरा सीट से लड़ेंगी चुनाव

  • 2022 का चुनाव हार गए थे शर्मा
  • देहरा के लोगों को धोखा नहीं दे सकता-राजेश शर्मा
  • बीजेपी का सीएम पर निशाना

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-20 08:16 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में टिकट न मिलने से नाराज होकर एक कांग्रेस नेता ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। देहरा विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू की पत्नी कमलेश ठाकुर को उम्मीदवार घोषित किया था। कमलेश ठाकुर को टिकट देने के फैसले से कांग्रेस के भीतर विवाद पैदा हो गया है। टिकट न मिलने को लेकर पार्टी नेता राजेश शर्मा ने बुधवार को संकेत दिया कि वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। अगर शर्मा निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं तो कांग्रेस को भारी परेशानी उठाना पड़ सकती है।  देहरा विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को उपचुनाव होगा।

सीएम की पत्नी को उपचुनाव में उम्मीदवार बनाने को लेकर विपक्षी पार्टी बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब सुखू सरकार "पति पत्नी की सरकार" बन गई है। बीजेपी प्रदेश महासचिव बिहारी लाल शर्मा ने सीएम पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुखू ने पहले कहा था कि उन्हें टिकट नहीं चाहिए, लेकिन अब उनकी पत्नी देहरा से चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने एक बयान में कहा, "सीएम जो कहते हैं, वह कभी नहीं करते और जो कभी नहीं कहते, वह करते भी हैं।

आपको बता दें कांग्रेस नेता शर्मा ने देहरा विधानसभा सीट से  2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें हार मिली थी। बीते दिन बुधवार को शर्मा ने अपनी आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए समर्थकों की एक बैठक बुलाई है। अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए शर्मा ने देहरा के लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा, "मुझे कुर्सी की लालसा नहीं है, लेकिन मैं देहरा के लोगों को धोखा नहीं दे सकता।

बैठक में कांग्रेस नेता भावुक हो गए और उन्होंने अपने समर्थकों के सामने अपनी निराशा और हताशा जाहिर की। इसी दौरान अचानक उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया, जिसके बाद उन्हें देहरा के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए  एडमिट कराया गया। डॉक्टर टीम उनकी हालत पर नजर रख रही है। 

Tags:    

Similar News