हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024:: 'कांग्रेस 10 पीढ़ियां भी नहीं कर सकती...' भाजपा की जीत को लेकर CM नायब सिंह सैनी ने किया बड़ा दावा

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-05 15:00 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर वोटिंग पूरी हो चुकी है। इस बार राज्य में वोटिंग प्रतिशत 61% के आसपास रहा। इस बीच कुरुक्षेत्र में लाडवा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा किया है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी जमकर निशाना साधा है।

भाजपा सरकार बनने का किया दावा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "हमें जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। हरियाणा में कमल का फूल खिल रहा है। कांग्रेस की जो परिवारवाद की राजनीति थी हमनें उस पर विराम लगाया है। भूपेंद्र हुड्डा एक ही विशेष वर्ग को, विशेष क्षेत्र को ही देखते थे, लेकिन हमारी सरकार में सबका साथ सबका विकास, 36 बिरादरी को साथ लेकर आगे बढ़ाने का काम हमारी सरकार ने किया है।"

खिलाड़ियों और पहलवानों पर कही ये बात

इस दौरान सीएम नायब सैनी ने खिलाड़ियों और पहलवानों के सवाल पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने खिलाड़ियों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाई है। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम जितना दस सालों में पीएम मोदी ने और हरियाणा सरकार ने किया है। जितना युवाओं को आगे बढ़ाया है, जितना किसानों को मजबूत किया है। उतना काम कांग्रेस दस पीढ़ियों में भी नहीं कर सकती है।" गौरतलब है कि हरियाणा में वोटिंग की बात करें तो दोपहर 3 बजे तक 49.13 प्रतिशत मतदान हुआ। यमुनानगर में 56.79 प्रतिशत मतदान रहा। जबकि गुरुग्राम में 38.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 

Tags:    

Similar News