हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: क्या कांग्रेस में अशोक तंवर की वापसी से भूपेंद्र सिंह हुड्डा है नाखुश! जानें क्या रही पूर्व CM की प्रतिक्रिया

  • हरियाणा में 5 अक्टूबर को होने है विधानसभा चुनाव
  • अशोक तंवर की कांग्रेस में वापसी पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा की प्रतिक्रिया
  • पूर्व सीएम ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-03 17:35 GMT

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले अशोक तंवर ने कांग्रेस में वापसी करके भाजपा को बड़ा झटका दिया है। इस पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा 'सबका स्वागत है'। दरअसल, अशोक तंवर ने गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हु्ड्डा समेत अन्य नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए। इस लेकर तंवर ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट भी शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन करते वक्त राहुल गांधी का अभिवादन किया। लेकिन, अपने पोस्ट में हुड्डा के बारे में कोई चर्चा नहीं की। बता दें, साल 2019 में अशोक तंवर ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। तब कांग्रेस छोड़ने के पीछे तंवर ने हुड्डा से नाराजगी बताई थी।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा पर बोला हमला

इस बीच भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान भापजा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "ऐसा कोई वर्ग नहीं जो बीजेपी सरकार के अत्याचार से बचा हो। आम तौर पर सरकार चुनाव की अपनी उपलब्धियां गिनाती है मगर बीजेपी के पास बताने के लिए कुछ नहीं था। प्रधानमंत्री प्रचार में आए तो सरकार की कोई उपलब्धि नहीं बताई।" हु्ड्डा ने आगे कहा, "बीजेपी की अपनी कोई उपलब्धि नहीं है। बीजेपी का शासन जीरो रहा, 10 साल में कुछ नहीं किया बीजेपी ने जबकि हमने 10 सालों में कई इंस्टीट्यूशन बना दिए।"

भाजपा की बात करें तो वह कांग्रेस को लगातार रॉबर्ट वाड्रा के मुद्दे पर घेर रही है। इस बारे में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "रॉबर्ट वाड्रा के नाम का झूठा प्रचार बीजेपी ने किया। मैं बीजेपी को चैलेंज करता हूं कि वाड्रा को लेकर आरोप लगा रहे हैं उन्हें लेकर कोई सबूत दें।" इसके अलावा भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ड्रग्स तस्कर के साथ बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा की तस्वीरों के सवालों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि तस्वीरों से क्या होता है। इन तस्वीरों को भी खिंचवा सकता है।

 हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने का किया दावा

पूर्व सीएम ने हरियाणा की सत्ता में कांग्रेस के जीत के दावा की बात भी कही। उन्होंने कहा, "हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही है और हमारी पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी.चुनाव जनता लड़ रही है।" भाजपा का आरोप है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की गारंटी विफल रही है। हरियाणा में भी कांग्रेस उसी गारंटी की बात कर रही है। इस पर हुड्डा ने कहा, "हिमाचल में हमारी गारंटी फेल नहीं हुई।"

Tags:    

Similar News