विधानसभा चुनाव 2024: कांग्रेस ने झारखंड के लिए 2 और महाराष्ट्र के लिए 4 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, जानें किसे कहां से मिला टिकट?

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-28 20:01 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। सोमवार देर रात जारी इस सूची में पार्टी ने झारखंड के लिए दो और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। पार्टी ने हीरा देवासी को महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष और बीजेपी प्रत्याशी राहुल नार्वेकर के खिलाफ कोलाबा सीट से मैदान में उतारा है।

इस सीट पर बदला उम्मीदवार

कांग्रेस ने महाराष्ट्र कोल्हापुर नॉर्थ से अपना उम्मीदवार बदला है। पार्टी ने राजेश भारत लतकर की जगह मधुरीमारजले मालोजीराजे को टिकट दिया है। इसके अलावा महाराष्ट्र की सोलापुर सिटी सेंट्रल से चेतन नारोटे और अकोला वेस्ट से साजिद खान को मैदान में उतारा है। वहीं, झारखंड की बोकारो सीट से स्वेता सिंह और धनबाद से अजय दुबे को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

इससे पहले रविवार को कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशियों की चौथी लिस्ट जारी की थी। इस सूची में पार्टी ने 14 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। इसके साथ ही पार्टी ने मुंबई की अंधेरी वेस्ट (पश्चिम) सीट से उम्मीदवार को बदल दिया है। अब यहां से सचिन सावंत की जगह अशोक जाधव कांग्रेस प्रत्याशी होंगे।

दरअसल, अंधेरी वेस्ट सीट से उम्मीदवार घोषित किए गए कांग्रेस की प्रदेश इकाई के महासचिव सचिन सावंत ने पार्टी आलाकमान से उनकी उम्मीदवारी पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था, "मैंने वांद्रे पूर्व सीट मांगी थी लेकिन वह सीट (गठबंधन सहयोगी) शिवसेना-यूबीटी को मिल गई। मैंने यह भी कहा है कि अंधेरी पश्चिम में मेरी उम्मीदवारी को लेकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं में नाराजगी है।" जिसके बाद पार्टी ने उनकी जगह जाधव को टिकट दिया। इस सीट से बीजेपी ने मौजूदा विधायक अमित साटम को दोबारा मैदान में उतारा है।

कब है झारखंड और महाराष्ट्र में चुनाव?

झारखंड सभी 81 विधानसभा सीटों पर दो चरण 13 और 20 नवंबर में चुनाव होगा। इसके नतीजे 23 नवंबर को जारी होंगे। वहीं, 288 सीटों वाले महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में मतदान होना है। 

Tags:    

Similar News