शाह का झारखंड दौरा: अमित शाह ने हेमंत सोरेन और कांग्रेस पर लगाए कई बड़े आरोप, कार्यकर्ता रैली के जरिए राज्य चुनाव में फूंकी जान

  • झारखंड में इसी साल होने वाले हैं विधानसभा चुनाव
  • अमित शाह ने हेमंत सोरेन और कांग्रेस को घेरा
  • बोले- कांग्रेस को आ गया है अहंकार

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-20 11:48 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय सहकारिता और गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को बीजेपी झारखंड के विस्तृत कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- आदिवासी मुख्यमंत्री को आदिवासियों की चिंता करने के बजाय 'लैंड जिहाद' और 'लव जिहाद' करके भूमि और जनसंख्या के संतुलन को बिगाड़ रहे हैं। हजारों घुसपैठिए आदिवासी लड़कियों से शादी करते हैं, प्रमाण पत्र प्राप्त करते हैं और जमीन खरीदते हैं। आने वाले दिनों में आदिवासियों की आबादी कम होने वाली है, यह अब भी कम हुई है। आप भाजपा की सरकार बनाइए और हम श्वेत पत्र लाकर अपने आदिवासियों की भूमि, जनसांख्यिकी और आरक्षण को सुरक्षित करेंगे।

कांग्रेस को अहंकार आ गया है- अमित शाह

उन्होंने कहा- लोकतंत्र में विजय के बाद अहंकार आ जाता है लेकिन पराजय के बाद अहंकार आ गया हो ये पहली बार हो रहा है। कांग्रेस को अहंकार आ गया। इतना अहंकार कोई दो-तिहाई बहुमत से जीतने के बाद भी नहीं आता। इस चुनाव में एनडीए को पूर्ण बहुमत मिला है और बीजेपी को 240 सीटें मिलीं और पूरे INDIA गठबंधन को इतनी सीटें नहीं मिलीं। 

कांग्रेस पर साधा निशाना

अमित शाह ने कहा- मैं झारखंड को आज बताने आया हूं कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) सबसे भ्रष्ट सरकार है। कांग्रेस के एक सांसद के घर से 300 करोड़ रुपया मिलता है। एक मंत्री के PA के घर से 30 करोड़ रुपया मिलता है। कांग्रेस पार्टी जवाब दे कि ये पैसा किसका है? कांग्रेस ऐसे भ्रष्टाचारियों को लेकर चलती है, और JMM भी उसके साथ है।झारखंड हमेशा से नक्सलवाद से पीड़ित राज्य था, लेकिन मोदी जी ने बिहार और झारखंड से नक्सलवाद को समाप्त किया है।

'झारखंड को 3 लाख 84 हजार करोड़ रुपये दिए'

उन्होंने आगे कहा- इंडी अलायंस वाले कहते हैं कि हमने विकास किया है। हेमंत सोरेन जी, केंद्र में 10 साल कांग्रेस ने शासन किया और 10 साल भाजपा ने, आप हिसाब लेकर आइए, मैं तो भाजपा का हिसाब लेकर आया हूं। 10 साल में कांग्रेस ने झारखंड के विकास के लिए 84 हजार करोड़ रुपया दिया जबकि नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश के लिए 3 लाख 84 हजार करोड़ रुपये दिए। झारखंड को भाजपा ने बनाया और विकास भी भाजपा ने ही किया।

अमित शाह ने कहा- मैं आपको भरोसा देने आया हूं, चाहे मोदी सरकार हो, रघुवर दास की सरकार हो या अर्जुन मंडा की सरकार हो, भाजपा सरकार ने कुछ ऐसा नहीं किया जिससे आपको (भाजपा कार्यकर्ता) सिर झुकाना पड़े। भाजपा सरकार ने ऐसा शासन किया है, जिससे आप (भाजपा कार्यकर्ता) जनता के बीच शान से सिर उठा कर ​जा पाएं। विस्तृत सम्मेलन में झारखंड के हर बूथ से कार्यकर्ता आए हैं। मैं आप सभी का मनपूर्वक अभिनंदन करता हूं, आपकी ताकत से ही झारखंड में भाजपा 9 सीटें जीती है। मैं झारखंड की जनता का भी प्रणाम करता हूं, आभार जताता हूं। 2014 हो, 2019 हो या 2024 पीएम मोदी के नेतृत्व में आपने हमेशा हमारी झोली कमल से भर दी है।

Tags:    

Similar News