लोकसभा चुनाव 2024: झारखंड में चार चरणों में चुनाव, 13, 20, 25 मई और 1 जून को मतदान

झारखंड में लोकसभा की 14 सीटों के लिए चार चरणों में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोट डाले जाएंगे।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-03-16 12:27 GMT

रांची, 16 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड में लोकसभा की 14 सीटों के लिए चार चरणों में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोट डाले जाएंगे।

चुनाव आयोग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, राज्य में सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा और पलामू सीट पर 13 मई, चतरा, कोडरमा और हजारीबाग सीट पर 20 मई, गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर सीट पर 25 मई के अलावा राजमहल, दुमका, गोड्डा सीट पर 1 जून को मतदान होगा। चुनाव नतीजों की घोषणा 4 जून को होगी।

देश में सात फेज में चुनाव होंगे। लेकिन, शुरुआत के तीन फेज में झारखंड में किसी सीट पर वोटिंग नहीं होगी। वर्ष 2019 में भी झारखंड में चार फेज में वोटिंग हुई थी। लोकसभा चुनाव के साथ झारखंड की गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव भी होगा। पांचवें फेज में 20 मई की वोटिंग के दौरान गांडेय में उपचुनाव के लिए भी वोट डाले जाएंगे। जेएमएम विधायक सरफराज अहमद के जनवरी महीने में इस्तीफे के बाद गांडेय सीट खाली हुई है।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में झारखंड की 14 सीटों में से 12 पर एनडीए ने जीत दर्ज की थी। इनमें 11 सीटें भाजपा और एक सीट पर उसकी सहयोगी पार्टी आजसू ने जीत हासिल की थी। सिर्फ दो लोकसभा सीटें तत्कालीन यूपीए गठबंधन के खाते में गई थी। इनमें से राजमहल सीट पर झामुमो और सिंहभूम सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।

हालांकि, सिंहभूम सीट से विजयी हुईं कांग्रेस की गीता कोड़ा कुछ दिनों पहले भाजपा में शामिल हो गई हैं। भाजपा ने इस बार के लोकसभा चुनाव के लिए 11 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। एक सीट गिरिडीह आजसू पार्टी को दी गई है। शेष दो सीटों चतरा और धनबाद के लिए प्रत्याशी का ऐलान बाकी है। भाजपा को छोड़ किसी अन्य पार्टी ने अब तक किसी सीट पर प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Similar News