सैनी का बड़ा दावा: '8 तारीख को जनता देगी जवाब और ये कहेंगे EVM है खराब', CM नायाब सिंह सैनी ने किया हरियाणा में बीजेपी को पूर्ण बहुमत मिलने का दावा

  • हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने का दावा
  • हमने नहीं किया भेदभाव- सीएम
  • BJP की सरकार बनने के बाद ईवीएम खराब होने का लगेगा आरोप- सैनी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-06 11:57 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद शनिवार (5 अक्टूबर) शाम एग्जिट पोल के रिजल्ट आए। न्यूज चैनल और सर्वे एजेंसी के मुताबिक, कांग्रेस हरियाणा में वापसी कर सकती है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी का सूपड़ा एक दशक बाद साफ हो सकता है। राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री पद को लेकर काफी चर्चा हो रही है। राज्य की कमान संभालने के लिए कांग्रेस के कई दिग्गजों का नाम सामने आ रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने रविवार को एक बड़ा दावा पेश किया है। उन्होंने कहा कि 8 अक्टूबर को जब नतीजों का एलान होगा तो बीजेपी की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनेगी। सीएम सैनी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा- 8 अक्टूबर को जनता देगी जवाब और यह कहेंगे ईवीएम (EVM) है खराब। 

सैनी ने साधा कांग्रेस पर जोरदार निशाना

मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा- कांग्रेस ने लोगों को लाइन में खड़ा कर दिया था, कांग्रेस ने लोगों को प्रताड़ित किया था। गैस सिलेंडर भी चार दिन के अंदर मिलता था। हमारी सरकार ने योजनाबद्द तरीके से आम लोगों तक लाभ पहुंचाया है। उसका एक पॉजिटीव मैसेज हर समाज के अंदर है। हमने हर वर्ग के लिए बिना भेदभाव के काम किया है और उसी के आधार पर मैं कह रहा हूं कि 8 अक्टूबर को बीजेपी पूर्णबहुमत की सरकार बनाएंगी।

8 तारीख को जनता देगी जवाब- सीएम

नायाब सिंह सैनी ने कहा- 8 तारीख को हम सरकार बना रहे हैं, मेरे पास रिपोर्ट्स हैं। 8 तारीख को जनता देगी जवाब और यह कहेंगे ईवीएम है खराब। मैंने कहा हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। कई सीटों पर हमारा मुकाबला था और इससे हम अछूते नहीं हैं। हम तीसरी बार हरियाणा में अपने कामों के बल पर सरकार बनाएंगे। साथ ही, सीएम ने भारतीय जनता पार्टी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा- डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा के लोगों के हित में काम किए हैं। लोगों के जीवन को सरल और सुगम करने और लोगों को राहत देने का काम हम लोगों ने किया है। 

Tags:    

Similar News