70 साल बाद अपने पति के पास पहुंचेंगी ब्रिटेन की दिवंगत क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय, पति, पिता और मां के पास दफनाया जाएगा पार्थिव शरीर

महारानी एलिजाबेथ का अंतिम सफर 70 साल बाद अपने पति के पास पहुंचेंगी ब्रिटेन की दिवंगत क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय, पति, पिता और मां के पास दफनाया जाएगा पार्थिव शरीर

Bhaskar Hindi
Update: 2022-09-19 10:16 GMT
हाईलाइट
  • दुनियाभर के शाही परिवारों समेत 500 नेता होंगे शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, अंतिम संस्कार स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे और भारतीय समयानुसार शाम 4 बजकर 30 मिनिट से शुरु होगा। महारानी का अंत्योष्टि कार्यक्रम लंदन के वेस्टमिंस्टर ऐबी में आयोजित किया जाएगा। फिलहाल उनके पार्थिव शरीर को वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा गया है, जिससे लोग आखिरी बार एलिजाबेथ के दर्शन कर सकें। इसके साथ ही आम नागरिक महारानी के अंतिम यात्रा देख सकें, इसके लिए लंदन के कई पार्कों में बड़ी-बड़ी स्क्रीन्स लगाई गई हैं। गौरतलब है कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का बीते 8 सितंबर को स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में निधन हो गया था। वह 96 वर्ष की थीं। 

कैसी होंगी महारानी के अंतिम संस्कार की रस्में?

महारानी एलिजाबेथ का अंतिम संस्कार एक कड़े प्रोटोकॉल और सैन्य परंपराओं बीच होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते कई दिनों से इसका अभ्यास किया जा रहा था। बता दें कि पिछले 57 वर्षों में यह ब्रिटेन राजघराने का पहला राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम है। ब्रिटेन सरकार के संस्कृति, खेल और मीडिया विभाग ने बताया कि, महारानी के अंत्योष्टि कार्यक्रम के मद्देनजर पूरे ब्रिटेन में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही कार्यक्रम में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए लंदन शहर में कई सार्वजनिक स्थान चिंहित किये गए हैं। विभाग के मुताबिक, दिवंगत महारानी के लिए सम्मान जताने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर रात 8 बजे सामुदायिक समूह, क्लबों के साथ ही अपने-अपने घरों में लोगों को 1 मिनिट का मौन रखने को कहा गया है। भीड़ की संभावना को देखते हुए सरकार द्वारा देश भर में 250 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 2012 में आयोजित हुए लंदन ओलंपिक और पैराओलंपिक के बाद यह दूसरा मौका है जब इतने सारे लोग परिवहन का सहारा लेंगे। 

अंतिम संस्कार के लिए की गईं ये तैयारियां?

ब्रिटेन के संस्कृति, खेल और मीडिया विभाग ने अंतिम संस्कार के कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में बात करते हुए कहा कि अंतिम संस्कार का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए लंदन के प्रमुख स्थान जैसे हाइड पार्क, शेफील्ड के कैथेड्रल स्क्वायर, बर्मिंघम के सेंटेनरी स्क्वायर, कार्लिस्ले के बिट्स पार्क, एडिनबरा के होलीरूड पार्क और उत्तरी आयरलैंड में कोलेराइन टाउन हॉल में बड़ी-बड़ी स्क्रीन्स लगाई गई हैं। इसके साथ ही देश के अन्य शहरों में भी स्क्रीन्स और सिनेमाहॉल के जरिए महारानी की अंतिम विदाई का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। 

दुनियाभर के शाही परिवारों समेत 500 नेता भी होंगे शामिल

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में दुनिया भर के शाही परिवार के सदस्य शामिल होंगे। इसके साथ पूरी दुनिया से लगभग 500 नेता भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। भारत की तरफ से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस कार्यक्रम में शामिल होंगी। जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम में 10 लाख से ज्यादा लोग जुटने की संभावना है। 

70 साल बाद अपने पति से मिलेंगी महारानी

शाही परंपरा के मुताबिक महारानी के शव को किंग जॉर्ज 6 मैमोरियल चैपल में दफनाया जाएगा। जहां वह लगभग 70 वर्षों बाद अपने पति के पास पहुंचेंगी। यहीं पर वो  परिवार के सदस्यों से मिलेंगी। दरअसल, जिस स्थान पर महारानी का पार्थिव शरीर दफन किया जाना है वहीं उनके पति प्रिंस फिलिप के अलावा उनके पिता किंग जॉर्ज 6, माता महारानी एलिजाबेथ द क्वीन मदर और बहन राजकुमारी मार्गरेट भी दफन हैं।    


 

Tags:    

Similar News