उत्तरप्रदेश उपचुनाव 2024: 'साइकिल' चिन्ह पर चुनाव लड़ने जा रही कांग्रेस, पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कसा तंज, कहा - 'दफ्तर और झंडा भी सपा को सौंप दे'

  • यूपी में 23 नवंबर को होने है उपचुनाव
  • सीटों पर सपा और कांग्रेस की हो रही नोंकझोंक
  • आचार्य प्रमोद कृष्णम ने साइकिल चिन्ह को लेकर कसा तंज

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-24 08:04 GMT

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तरप्रदेश में उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। राज्य की कुल 9 सीटों पर उपुचनाव को लेकर बुधवार देर रात सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सपा के चुनाव लड़ने का जिक्र किया। जबकि, लोकसभा चुनाव में सपा के साथ लड़ चुकी कांग्रेस इस बार उपचुनाव में नहीं लड़ रही है। इस पर अब कल्कि धाम के पीठाधीश्वर और कांग्रेस के पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने तंजिया लहजे में हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को अपना ऑफिस और झंडा भी सपा को दे देना चाहिए।

आचार्य प्रमोद कृष्णम का कांग्रेस पर तंज

बता दें, कांग्रेस छोड़ने के बाद से ही आचार्य प्रमोद कृष्णम पार्टी के नेताओं पर बयानबाजी करते रहते हैं। उन्हें तल्ख टिप्पणियों के लिए जाना जाता है। उन्होंने सपा की घोषणा के बाद इंडिया गठबंधन का 9 सीटों पर साइकिल के चुनाव चिन्ह पर लड़ने के लिए तंज कसा। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'कांग्रेस को अपना “दफ़्तर” और “झण्डा” भी “सपा” को सौंप देना चाहिये।' इससे पहले सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार देर रात एक्स पर पोस्ट किया था। उन्होंने उपचुनाव में सभी सीटों पर सपा के चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। सपा मुखिया ने लिखा, 'बात सीट की नहीं जीत की है’। इस रणनीति के तहत ‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त उम्मीदवार सभी 9 सीटों पर सपा के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ के निशान पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। इस ट्वीट में अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन की मजबूती का जिक्र किया।

कांग्रेस ने की थी 5 सीटों की मांग

गौरतलब है कि, उत्तरप्रदेश की 5 सीटों पर कांग्रेस ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बदले सपा ने कांग्रेस को केवल दो सीट ही ऑफर की थी। ये सीटें थी गाजियाबाद और खैर। इससे सपा-कांग्रेस के बीच अनबन शुरु हो गई थी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पहली ही पांच सीटों की मांग की घोषणा कर दी थी। उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि अगर कांग्रेस को 5 सीटे ऑफर नहीं की जाती है, तो वह खुद उपचुनाव से किनारा कर सकते हैं। इन 5 सीटों के अलावा कांग्रेस फूलपुर और मझवां सीट की मांग पर अड़ी थी। लेकिन, तब तक सपा ने इन सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए थे।  

Tags:    

Similar News