Shahdol News: नवरात्रि पर कंकाली माता अंतरा के दरबार में हर रोज मुरादें लेकर पहुंच रहे श्रद्धालु

  • 18 भुजी चामुण्डा माता के लग रहे जयकारे
  • अठारह भुजी चामुण्डा माता के अद्भुत दरबार में हर रोज हजारों श्रद्धालु मुरादें लेकर पहुंच रहे हैं।
  • कंकाली माता मंदिर तांत्रिक शक्तिपीठ के रूप में 10 वीं सदी से ही प्रसिद्ध था।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-09 10:08 GMT

Shahdol News: प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक अंतरा स्थित कंकाली माता के दरबार में शारदेय नवरात्रि पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है। मान्यता है कि मां हर किसी की मनोकामना को पूर्ण करती हैं। यही कारण है कि अठारह भुजी चामुण्डा माता के अद्भुत दरबार में हर रोज हजारों श्रद्धालु मुरादें लेकर पहुंच रहे हैं।

जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर अंतरा के कंकाली मंदिर में देर रात माता रानी के पट बंद होने के बाद मंदिर के अंदर कोई प्रवेश नहीं कर सकता। पट सुबह से खुलते हैं और माता के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जमा होने लगती है।

वैसे तो यहां माता का दर्शन करने के लिए हर दिन भीड़ रहती है, लेकिन नवरात्रि में भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ता है। कंकाली माता मंदिर तांत्रिक शक्तिपीठ के रूप में 10 वीं सदी से ही प्रसिद्ध था। पुराने लोग बताते हैं कि यह कलचुरी कालीन तंत्र साधना का स्थल भी रहा है।

यहां 10 वीं सदी से 11 वीं सदी के बीच में कलचुरी राजाओं के द्वारा इस प्रतिमा का प्रतिस्थापन शक्ति स्वरूपा मां कंकाली के रूप में किया गया था। इसकी ख्याति इतनी है कि दूर-दूर से लोग यहां आते हैं। यही नहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जब भी जिला प्रवास पर आते, कंकाली मांता के दर्शन करने जरूर पहुंचते।

भठिया मंदिर में उमड़ रहा भक्तों का सैलाब- शारदेय नवरात्र पर भठिया देवी में मंदिर में मां सिंहवाहिनी का दर्शन पाने भक्तों का अपार भीड़ उमड़ रही है। यहां पर सुख समृद्धि के प्रतीक जवारा कलश की स्थापना की गई है।

शक्ति पीठ भठिया में मां के दरबार में भक्तों द्वारा अपनी मन्नत पूर्ण होने पर कथा, मुंडन का कार्यक्रम करते हैं। ट्रस्ट द्वारा व्यवस्था की गई है। नवरात्रि पर अन्य जिले के लोग भी माता के दरबार में माथा टेकने पहुंचे। भक्तों द्वारा भंडारे का अयोजन किया जा रहा है।

दुर्गा मंदिर में भंडारा आयोजित

शारदेय नवरात्र के पावन अवसर पर रोटरी क्लब विराट द्वारा नगर के विराटेश्वरी धाम मां दुर्गा मंदिर प्रांगण में भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।

Tags:    

Similar News