शहडोल: विसर्जन स्थल पर भीड़ में घुसे बाइक ने महिलाओं को कुचला

  • सात लोग घायल, चार गंभीर, एक बाइक छोड़ व दूसरे वाहन सहित भागे
  • करावन बांध में विसर्जन के समय पुलिस ने कोई सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए थे।
  • घटना के बाद लोग दौड़े लेकिन एक बाइक लेकर युवक भाग गए।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-18 08:07 GMT

डिजिटल डेस्क,शहडोल। जैतपुर थाना क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन स्थल करावन बांध के पास जुटी भीड़ के बीच तेज रफ्तार दो बाइक सवार जा घुसे और सात लोगों को कुचल दिया। इनमें चार महिलाओं गंभीर चोट आई। घटना के बाद दो लोग बाइक छोडक़र जबकि दूसरी बाइक सवार वाहन सहित भाग निकले।

घटना को लेकर पुलिस की गंभीर लापरवाही बताई जा रही है। बीती रात करावन बांध के पास गणेश विसर्जन देखने के लिए महिलाएं सडक़ पर खड़े होकर देख रही थीं। तभी तेज रफ्तार दो बाइक महिलाओं की भीड़ में घुस गई। लोगों को ठोकर मारते हुए बाइक निकलीं।

जिस दौरान हादसा हुआ उस समय युवक एवं पुरुष प्रतिमाओं को लेकर बांध में नीचे उतरे थे। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। घटना में सात महिलाओं को चोट पहुंची, जिसमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों में रामबती सिंह 37 वर्ष ,रोशनी बैगा 30, रेमुन सिंह 43, विद्या सिंह 46, शकुंतला बैगा 40, शमा सिंह 16 व बिट्टी सिंह 36 वर्ष शामिल है।

घटना के बाद लोग दौड़े लेकिन एक बाइक लेकर युवक भाग गए। दूसरा बाइक सवार युवक वाहन छोडक़र भागा। जानकारी डायल 100 को दी गई। पुलिसकर्मी और दो 108 एंबुलेंस घटनास्थल पहुुंच घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जहां से चार को मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि करावन बांध में विसर्जन के समय पुलिस ने कोई सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए थे। पुलिस के अनुसार दोनों बाइक सवार नशे की हालत में थे। बाइक जब्त कर दूसरी बाइक सवार की तलाश की जा रही है।

Tags:    

Similar News