शहडोल: ब्यूटी पार्लर से डेढ़ लाख के कंगन पार, पुलिस ने 20 दिन बाद दर्ज किया मामला

  • किसने पार किए कंगन, दो माह बाद भी पता नहीं लगा पाई पुलिस
  • सीसी टीवी घटना से कुछ देर पहले से बंद मिला।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-18 14:19 GMT

डिजिटल डेस्क,शहडोल। मेकअप कराने पहुंची एक महिला का ब्यूटी पार्लर से डेढ़ लाख रुपए मूल्य के सोने के कंगन पार हो गए। महिला द्वारा ब्यौहारी थाने में सूचना दिए जाने के 20 दिन बाद ब्यूटी पार्लर संचालक पर प्रकरण दर्ज किया गया, लेकिन दो माह बाद भी चोरी का पता आज तक नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय अनामिका सिंह पति धर्मेन्द्र सिंह परिहार निवासी ग्राम अमकुई जिला सतना से छोटी बहन अमृता सिंह की शादी में शामिल होने के लिए अपने मायके ब्यौहारी के ग्राम सेमरपाखा आईं थीं।

बहन का मेकअप कराने 26 अप्रैल की शाम 5 बजे ब्यौहारी के टोपनदास तिराहा स्थित सानिया बूटी पार्लर गई थीं। अमृता के बाद वह अपना मेकअप करवाने के लिए सोने के दोनों कंगन (20 ग्राम, 670 मिलीग्राम डेढ़ लाख रुपए) उतार कर वहीं दराज में रखकर संचालिका कल्पना गुप्ता को बताकर अंदर रूम में चली गईं।

मेकअप कराने के बाद देखा कि कंगन गायब थे। सीसी टीवी घटना से कुछ देर पहले से बंद मिला। बहन की शादी से फुर्सत होकर अगले दिन ब्यौहारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन पुलिस ने आवेदन लेकर लौटा दिया।

घटना के बाद महिला थाने का चक्कर लगाती रही, इसके बाद पुलिस ने 14 मई को ब्यूटी पार्लर संचालक के खिलाफ धारा 406 का प्रकरण दर्ज तो किया, लेकिन न तो कंगन मिला और न ही किसने पार किया, इसका पता चल पाया है।

Tags:    

Similar News