प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकमान्य तिलक पुरस्कार से सम्मानित

  • देश की 140 करोड़ जनता को किया समर्पित
  • पुरस्कार की राशि नमामि गंगे अभियान में दान

Bhaskar Hindi
Update: 2023-08-01 15:09 GMT

डिजिटल डेस्क, पुणे। लोकमान्य तिलक स्मारक ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार' प्रदान किया गया। इस पुरस्कार से अपनी जिम्मेदारी और बढ़ जाने की भावना व्यक्त करते हुए मोदी ने यह पुरस्कार राष्ट्र की 140 करोड़ जनता को समर्पित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे देशवासियों की सेवा और उम्मीदों को पूरा करने में कोई कसर नहीं रखेंगे। साथ ही उन्होंने पुरस्कार में मिली राशि ‘नमामि गंगे' अभियान के लिए दान करने की घोषणा की। पुणे में प्रधानमंत्री मोदी का यह तीसरा दौरा था।

अपने सम्मान के जवाब एवं अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, काशी और पुणे नगरों की देश में विशेष पहचान है। यहां का ज्ञान दीर्घायु और अमरत्व प्राप्त कर चुका है। इस धरती पर सम्मानित होना मेरे लिए गर्व की बात है। लोकमान्य तिलक हमारे मस्तक का तिलक है। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे पुणे आने का अवसर मिला।

सर परशुराम भाऊ महाविद्यालय के मैदान पर हुए समारोह में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार की उपस्थिति में तिलक स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. दीपक तिलक के हाथों प्रधानमंत्री को यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह के मंच पर राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, ट्रस्ट के ट्रस्टी रोहित तिलक उपस्थित थे। इस पुरस्कार का यह 41वां वर्ष है। इससे पहले स्व इंदिरा गांधी, खान अब्दुल गफार खान, शंकर दयाल शर्मा, अटल बिहारी वाजपेयी, बालासाहेब देवरस, मनमोहन सिंह जैसी हस्तियों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।



Tags:    

Similar News