पुणे: सड़क हादसे में घायल पुलिसकर्मी की मौत

  • पुलिसकर्मी की मौत
  • सड़क हादसे में था घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2023-09-25 14:22 GMT

डिजिटल डेस्क, पुणे। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पुलिस कांस्टेबल संदीप जगन्नाथ कदम उम्र 43 साल की इलाज के दौरान सोमवार दोपहर मौत हो गई। पिछले सप्ताह शुक्रवार की शाम जब वह बारामती शहर के भिगवन रोड पर व्यायाम के लिए जा रहे थे, तो पीछे से तेज रफ्तार थ्री-व्हीलर टेंपो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में सिर के बल गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें तुरंत इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुलिस के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने से पुलिस कांस्टेबल संदीप कदम की हालत गंभीर थी। इसलिए उन्हें इलाज के लिए पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी हालत में कोई अपेक्षित सुधार नहीं होने पर रविवार (24) रात को उन्हें फिर से बारामती के एक निजी अस्पताल में लाया गया। इस वक्त भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। उन्होंने पुणे ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। वह वर्तमान में यवत पुलिस स्टेशन के तहत पाटस पुलिस स्टेशन में कार्यरत थे।

कांस्टेबल कदम ने बारामती शहर, जिला अपराध जांच शाखा, लोनी कालभोर पुलिस स्टेशन में काम किया है। वह एक 'डैशिंग' पुलिसकर्मी के रूप में जाने जाते थे। इस वजह से उनके एक्सीडेंट को लेकर चर्चा रही है कि वाकई में यह कोई हादसा था या कोई साजिश? देर शाम उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव चव्हाणवाड़ी (इंदापुर में) में किया गया। उनकी मौत से इलाके में मातम पसर गया है। इस बीच, पुलिस निरीक्षक दिनेश तायड़े ने कहा कि पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि पुलिसकर्मी संदीप कदम का एक्सीडेंट हो गया है। हालाँकि पुलिस सभी पहलुओं पर गौर करते हुए मामले की छानबीन में जुटी हुई है। फ़िलहाल संबंधित टेम्पो चालक की खोजबीन जारी है।

Tags:    

Similar News