घर में मृत पाए गए मराठी फिल्म अभिनेता रविंद्र महाजनी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जताया शोक

  • मराठी फिल्म अभिनेता रविंद्र महाजनी का निधन
  • घर में मृत पाए गए मराठी फिल्म अभिनेता

Bhaskar Hindi
Update: 2023-07-15 14:04 GMT

डिजिटल डेस्क, पुणे। अभिनेता रविंद्र महाजनी जिन्हें मराठी फ़िल्म इंडस्ट्री में विनोद खन्ना के नाम से जाना जाता है, उनका निधन हो गया है। उन्होंने 77 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। उनका शव पिंपरी चिंचवड़ से सटे तलेगांव-दाभाड़े में एक्सर्बिया सोसायटी के आवासीय घर में मिला। पुलिस ने अनुमान लगाया है कि उनकी मौत 2-3 दिन पहले हुई होगी। पुलिस के मुताबिक महाजनी ने एक फ्लैट किराए पर लिया था। वह पिछले सात-आठ महीने से यहां अकेले रह रहे थे। शुक्रवार रात पड़ोसियों ने तलेगांव पुलिस को जानकारी दी कि उनके घर से दुर्गंध आ रही है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़ दिया। पुलिस को महाजनी का शव मिला। जांच में प्रारंभिक अनुमान जताया जा रहा है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई है।

महाजनी के बेटे व टीवी अभिनेता गशमीर महाजनी मुंबई में रहते हैं। पुलिस ने उन्हें सारी जानकारी दी और वे तुरंत आ गए। महाजनी के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव बेटे गशमीर महाजनी को सौंप दिया जाएगा। इस बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, सांस्कृतिक कार्यमंत्री सुधीर मुनगंटीवार, पुणे जिले के पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल ने महाजनी के देहांत पर शोक जताया है।

Tags:    

Similar News