पुणे: 80 फीट गहरे कुएं में गिरा ऑटो रिक्शा, नवदंपति सहित युवती की दर्दनाक मौत

  • कुएं में गिरा ऑटो रिक्शा
  • नवदंपति सहित युवती ने तोड़ा दम

Bhaskar Hindi
Update: 2023-09-26 15:02 GMT

डिजिटल डेस्क, पुणे। जिले के सासवड से ऑटो रिक्शा हादसे की बड़ी खबर सामने आई है। इस हादसे में नवविवाहित जोड़े समेत एक युवती की मौत हो गई है। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब नवविवाहित जोड़ा शादी के बाद देवदर्शन के लिए जेजुरी जा रहा था, इस घटना से इलाके में शोक जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि धायरी से जेजुरी दर्शन के लिए गए नवविवाहित जोड़े को वापस ले आ रहा एक रिक्शा सासवड के पास एक कुएं में गिर गया। इसमें नवविवाहित जोड़े के साथ एक युवती की मौत हो गई। हालांकि पुलिस दोनों को बचाने में सफल रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे सासवड-जेजुरी पालखी राजमार्ग पर बोरावके माला के पास सासवड-खलाड गांव के शिवेवार में हुए इस हादसे में रोहित विलास शेलार (उम्र-23), वैष्णवी रोहित शेलार (उम्र-18), श्रावणी संदीप शेलार (उम्र-17) की रिक्शा में मौत हो गई, जबकि आदित्य मधुकर घोलप (उम्र-22), शीतल संदीप शेलार (उम्र- 35, सभी निवासी धायरी, पुणे) घायल हो गए।

धायरी से जेजुरी में खंडोबा के दर्शन के लिए आए नवविवाहितों का रिक्शा सासवड के पास बोरावके माला में सड़क किनारे 80 फीट गहरे कुएं में गिर गया। यह हादसा दर्शन के बाद पुणे वापसी के दौरान हुआ। रात आठ बजे के करीब वापसी की यात्रा में रिक्शा का ब्रेक फेल हो गया जिसके चलते यह हादसा हुआ। इसमें सुखी संसार की शुरुआत से पहले ही इस नवविवाहित जोड़े का दुर्भाग्यपूर्ण अंत हो गया। इस घटना के बाद रिक्शा में सवार सभी लोगों का उनके परिवार से संपर्क टूट गया। आज सुबह कुएं के पास से व्यायाम करने जा रहे लड़कों को किसी के बचाओ बचाओ चिल्लाने की आवाज आई। जब उन्होंने उस जगह पर जाकर देखा तो उन्हें उस कुएं में दो लोग दिखे और इसके बाद इसकी जानकारी सासवड पुलिस को दी गई। सासवड पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को घायल अवस्था में बाहर निकाला। उसी समय पता चला कि तीन अन्य लोग कुएं में हैं। इसके बाद जेजुरी-सासवड से फायर ब्रिगेड, भोर से क्रेन और भोइराज जल आपदा टीम मौके पर आई और मृतकों और रिक्शा को कुएं से बाहर निकाला।

Tags:    

Similar News