पन्ना: धान खरीदी केन्द्र गौरा से बराछ करने पर किसानों ने जताया विरोध

Bhaskar Hindi
Update: 2023-12-24 08:20 GMT

डिजिटल डेस्क, पन्ना। पन्ना जिले में धान खरीदी केन्द्रों में इन दिनों धान की तुलाई चल रही है। ऐसे में गौरा धान खरीदी केन्द्र का प्रांगण बराछ के लिए बदले जाने पर क्षेत्रीय किसानों में नाराजगी देखने को मिली है। एक सैकडा से अधिक किसानों ने आज पन्ना पहुंचकर प्रभारी कलेक्टर संघ प्रिय व खाद्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा है कि खरीदी केन्द्र का स्थान बदलने से किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पडेगा। इसीलिए खरीदी केन्द्र का प्रांगण यथावत किया जाये नहीं तो किसान उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जायेंगे। धान खरीदी केन्द्र में अपनी धान की तुलाई के लिए स्लाट बुक करने वाले करीब १०० किसान शनिवार को पन्ना कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने खाद्य अधिकारी के नाम ज्ञापन दिया और बताया कि महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित पन्ना के आदेशानुसार २० दिसम्बर से प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति द्वारा प्रांगण गौरा में उपार्जन केन्द्र बनाकर धान खरीदी केन्द्र प्रारंभ की गई थी।

पन्ना तहसीलदार के द्वारा निरीक्षण के दौरान २२ दिसम्बर को धान खरीदी केन्द्र बंद करने के निर्देश दिए। गौरा से बराछ के लिए स्थान परिवर्तित कर दिया। जहां किसानों को धान तुलाई करवाने के लिए निर्देशित किया जबकि गौरा धान खरीदी केन्द्र प्रांगण में धान तुलाई के लिए आने वाले किसानों के लिए पानी, अलाव तथा बाउण्ड्री एवं पार्किंग जैसी व्यवस्था है जबकि बराछ में यह व्यवस्थायें नहीं हैं। ज्ञापन के माध्यम से बतलाया गया है कि करीब १०० किसानों ने चार सौ क्ंिवटल धान वहां पर जमा कर दी है जिसकी तुलाई होना है। स्थान परिवर्तित होने से किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पडेगा व इधर से उधर अपनी धान को ले जाना पडेगा। किसानों ने धान खरीदी केन्द्र बराछ से गौरा यथावत करने की मांग की है। किसानों ने कहा है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जायेंगे।

प्रभारी कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को दिए कार्यवाही के निर्देश

मुख्यालय पहुंचे किसानों ने जिले के प्रभारी कलेक्टर संघ प्रिय को उनके निवास पर पहुंचकर ज्ञापन दिया। जिस पर प्रभारी कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को अपने शासकीय आवास पर बुलाकर किसानों की समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। आक्रोशित किसानों को खाद्य अधिकारी ने उनकी समस्या के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।  

Tags:    

Similar News