जबलपुर: मानसून से पहले कटंगा फ्लाईओवर में प्रारंभ होगा ट्रैफिक

  • 15 मई तक निर्माण पूरा करने की समय सीमा, 80 प्रतिशत काम पूरा होने का दावा
  • मानसून से पहले इसमें ट्रैफिक आरंभ करने का टारगेट है।
  • ऊपर की सड़क की चौड़ाई 8.5 मीटर यानी तकरीबन 28 फीट हाेगी।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-04-02 10:29 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कैण्ट और नगर निगम को जोड़ते कटंगा चौराहे पर बन रहे फ्लाईओवर का काम 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। लोक निर्माण सेतु ने मार्च तक इसके निर्माण की समीक्षा की, जिसमें पाया गया कि 13 पिलरों वाले आधे किलोमीटर से थोड़े अधिक दायरे में बन रहे फ्लाईओवर के 39 गार्डर रखे जा चुके हैं।

इसकी साइट वाॅल का निर्माण किया जा रहा है साथ ही इसमें स्लैब वाले गार्डरों को रखा जाना है। विभाग ने 15 मई तक इसको बनाने का समय ठेका कंपनी को दिया है। दावा यह किया जा रहा है कि 15 जून यानी मानसून के पहले तक इसमें ट्रैफिक आरंभ कर दिया जाएगा।

लोक निर्माण सेतु के ईई नरेन्द्र शर्मा कहते हैं कि जो निर्माण की अवधि तय की गई है, उसमें हम इसको बना देंगे। इसके लिए काम तेजी से किया जा रहा है। मानसून से पहले इसमें ट्रैफिक आरंभ करने का टारगेट है।

निर्माण के दौरान सुरक्षा पर सवाल

इधर इस फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान बीते दो माह में दो छोटे-छोटे हादसे भी हुए, जिसमें दो लोग घायल हो चुके हैं। इसे लेकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अचानक मौसम बदलने के दौरान जो अंधड़ चली, इसमें मामूली घटनाएँ हुईं जिसमें किसी को कोई विशेष हानि नहीं हुई है। इसमें ठेका कंपनी को अतिरिक्त सावधानी के निर्देश दिए गए हैं।

ऐसा बन रहा है फ्लाईओवर

यह फ्लाईओवर 546 मीटर के दायरे में बन रहा है। इसमें ऊपर की सड़क की चौड़ाई 8.5 मीटर यानी तकरीबन 28 फीट हाेगी। इसमें कुल 13 पिलर हैं जिनके सहारे इसको टिकाए रखा जाएगा।

शहर के बीच की संरचना के रूप में यह मझौले स्तर का फ्लाईओवर है जिसमें एक से दूसरे हिस्से में ट्रैफिक आसान हो सकेगा। अभी चौराहे पर या आसपास जो ट्रैफिक जाम की नौबत बनती है, उससे निजात मिल सकेगी।

Tags:    

Similar News