जबलपुर: नगर निगम ने नालियाँ तो बनाईं पर उनसे उल्टा लौटकर घरों के सामने भर रहा पानी

  • धनवंतरी नगर स्थित सुभाष नगर मड़फैया में खेतों से जोड़ दी गईं नालियाँ, कार्यप्रणाली से लोग परेशान
  • बिजली एवं पानी जैसी मूलभूत सुविधाएँ क्षेत्रीय परिवारों को मुहैया नहीं करवाई गईं।
  • नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां आकर खुद ही सारी समस्याएँ देखीं थीं

Bhaskar Hindi
Update: 2024-04-02 10:16 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। धनवंतरी नगर स्थित महाराणा प्रताप वार्ड का सुभाष नगर मड़फैया के वाशिंदे नगर निगम की अजीबो-गरीब कार्यप्रणाली से परेशान हैं। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि यहाँ नगर निगम द्वारा पक्की नालियाँ तो बनाई जा रहीं हैं लेकिन पानी निकासी की ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

उक्त नालियाँ खेतों में जाकर समाप्त हो जाती हैं और वहाँ से उल्टा वापस होकर वही गंदा पानी घरों के सामने आकर भर जाता है। इन हालातों में लोग अपने घरों के सामने सोखता बनाकर पानी की निकासी का प्रयास करने में जुटे हुए हैं।

क्षेत्र में रहते हैं 5 सैकड़ा से अधिक परिवार

जानकारों की मानें तो सुभाष नगर मड़फैया में 5 सौ से अधिक परिवार लम्बे समय से निवासरत हैं। उनके अलावा क्षेत्र में लगातार रिहायशी कॉलोनियों का निर्माण भी किया जा रहा है। इस तरह धीरे-धीरे क्षेत्र में मकानों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है।

लेकिन नगर निगम द्वारा मड़फैया को अवैध कॉलोनी बताकर यहाँ कभी भी सड़क, बिजली एवं पानी जैसी मूलभूत सुविधाएँ क्षेत्रीय परिवारों को मुहैया नहीं करवाई गईं।

निरीक्षण के बावजूद जिम्मेदार बने मूकदर्शक

क्षेत्रीय जनों की मानें तो कुछ दिनों पहले नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने यहां आकर खुद ही सारी समस्याएँ देखीं थीं। लेकिन पक्की नालियों को बड़े नाले से जोड़ने का आश्वासन देने के बावजूद आज तक ऐसा नहीं हुआ और समस्या जस की तस बनी हुई है।

इस संबंध में जब क्षेत्रीय पार्षद जीतू कटारे से बात की गई तो उनका कहना था कि नालियों को बड़े नाले से जोड़ने के लिए नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की गई है।

Tags:    

Similar News