ब्रेक के बाद झमाझम बारिश से सराबोर हुआ मराठवाड़ा

  • झमाझम बारिश
  • सराबोर हुआ मराठवाड़ा
  • लगातार तीसरे दिन बारिश

Bhaskar Hindi
Update: 2023-09-09 15:32 GMT

डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर. सवा महीने के ब्रेक के बाद मराठवाड़ा में बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार तेज बारिश के बाद जिले में शनिवार को भी इंद्रदेव मेहरबान रहे। सुबह से दोपहर तक जोरदार बरसात हुई, शाम के बाद हल्की बूंदा-बांदी जारी है। इससे पहले शुक्रवार को भी तेज बारिश हुई थी। शुक्रवार शाम तक बारिश का खासा जोर रहा। मराठवाड़ा के कई भागों में जोरदार बारिश हुई। इस कारण नदी, नाले उफान पर हैं। जिले के अलावा जालना, नांदेड़ और हिंगोली जिले में बारिश का ज्यादा असर दिखाई दिया। चार जिलों के 10 मंडलों में अतिवृष्टि हुई तो अधिकांश मंडलों में कम-ज्यादा बारिश हुई।

गुरुवार को अच्छी बारिश होने के बाद शुक्रवार सुबह से ही जिले में जमकर बरसात हुई थी। दोपहर कुछ देर विराम के बाद बारिश ने फिर जोर पकड़ा था। सिल्लोड़, फुलंब्री, सोयगांव, खुलताबाद और कन्नड़ तहसील में अच्छी खासी बारिश हुई। औसतन 40 मिमी से ज्यादा बारिश मापी गई। अंभई मंडल में सबसे ज्यादा 64.8 मिमी बारिश दर्ज हुई।


मराठवाड़ा में अधिकांश भागों में अतिवृष्टि

जालना जिले के सभी 49 मंडलों में हल्की, मध्यम से जोरदार बारिश हुई। 3 मंडलों में अतिवृष्टि हुई। नेर, सेवली और पांगरी मंडल में प्रत्येक 80.8 मिमी बारिश हुई है। बीड़ जिले के सभी 63 मंडलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा शिरूर ताजबंद मंडल में 48.3 मिमी बारिश हुई। धाराशिव जिले के सभी 42 मंडलों में बारिश हुई। नांदेड़, हिंगोली, परभणी के सभी मंडलों में संतोषजनक बारिश हुई। नांदेड़ के आदमपुर मंडल में अतिवृष्टि हुई।

छत्रपति संभाजीनगर में सुबह से शाम तक झमाझम बारिश हुई। चिकलथाना वेधशाला में रात साढ़े दस बजे तक 24.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चिकलथाना साप्ताहिक बाजार में कीचड़ हो गया। बारिश के कारण अनेक नागरिक खरीदारी के लिए नहीं पहुंचे।

उधर खबर है कि नाशिक में भी जोरदार बारिश का दौर है।


2 जिलों में 89 टैंकर पहुंचा रहे जल

कुछ घंटों में बारिश भले ही जोरदार हुई लेकिन छह जिले छोड़कर छत्रपति संभाजीनगर और जालना प्यासे हैं। यहां बारिश के मौसम में भी टैंकरों से जलापूर्ति करने की नौबत है। दो दिन पूर्व की रिपोर्ट के अनुसार दोनों जिलों में 89 टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। सबसे ज्यादा 20 टैंकरों से पैठण तहसील में जलापूर्ति की जा रही है।

छत्रपति संभाजीनगर के 39 गांवों और 5 बाड़ियों, जालना जिले के 24 गांवो और 17 बाड़ियों में 3 शासकीय और 36 निजी टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। पैठण तहसील में 5 बाड़ियों, तो जालना तहसील के 3, बदनापुर 6, भोकरदन 1 और मंठा में 1 बाड़ी में टैंकर भेजे जा रहे हैं।


Tags:    

Similar News