शीतल म्हात्रे वीडियो प्रकरण की विधानसभा में गूंज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता शीतल म्हात्रे वीडियो प्रकरण राज्य में खूब गूंज रहा है। विधानसभा में यह मुद्दा गर्माया, जिसमें राज्य गृहमंत्री ने जांच के आदेश दिए है। इसपर शिवसेना (उद्धव गुट) के युवासेना महासचिव वरुण सरदेसाई ने शिंदे गुट को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि शीतल म्हात्रे वीडियो प्रकरण में मुख्य आरोपी विधायक प्रकाश सुर्वे का पुत्र राज सुर्वे ही है। उसने ही पूरा वीडियो फेसबुक पेज पर लाइव किया था। इस प्रकरण में अगर किसी को गिरफ्तार करना है तो पहले राज सुर्वे को करना चाहिए। अगर यह वीडिया मार्फ है तो असली वीडियो कहां है। मुझे लगता है कि इसकी जांच करने में मुंबई पुलिस सक्षम है। वह सही आरोपी को गिरफ्तार करेगी। नागपुर में मंगलवार को पार्टी बैठक के लिए वे पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने संवाद माध्यमों से बातचीत की। वरुण सरदेसाई ने कहा कि उद्धव ठाकरे और उनके साथ रहने वाले नेताओं के खिलाफ रोजाना आरोप हो रहे है। सिर्फ विरोधी पक्ष के नेताओं की आवाज दबाने के लिए जांच एजेंसियों के माध्यम से कार्रवाई हो रही है।
सीनेट चुनाव तैयारियों का लिया जायजा
आगामी 19 मार्च को नागपुर विद्यापीठ अंतर्गत सीनेट चुनाव होने जा रहे हैं। इस चुनाव में महाविकास आघाड़ी संयुक्त रूप से अपने उम्मीदवार उतार रही है। चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने युवासेना महासचिव सरदेसाई नागपुर पहुंचे थे। मंगलवार को दोपहर में रविभवन में आयोजित बैठक में उन्होंने नागपुर और रामटेक लोकसभा क्षेत्रों की बैठक की। इस दौरान बूथ नियोजन, सूची फाइनल कर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की। पार्टी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि, जिस दौर से पार्टी गुजर रही है, उससे बाहर निकलेगी और विजय भी उसकी होगी।
Created On :   15 March 2023 11:45 AM IST