पत्नी को कुएं में धकेलकर डाल दिया कीटनाशक

डिजिटल डेस्क, मुलचेरा (गड़चिरोली)। चार माह पूर्व परिणय सूत्र में बंधने वाले नवदम्पति के जीवन का दिल दहला देने वाला अंत होने की घटना तहसील के ग्राम श्रीनगर में उजागर हुई है। चरित्र पर संदेह करते हुए पति ने पत्नी की बड़ी ही बेरहमी से पिटाई की, जिसके बाद उसे अपने ही खेत के कुएं में धकेल दिया। इतना ही नहीं पत्नी के लापता होने की शिकायत भी पुलिस में दर्ज करायी। पुलिस द्वारा शुरू की गयी जांच में पत्नी की हत्या किये जाने के तथ्य पाये जाने पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पति का नाम श्रीनगर निवासी महानंद मधुसूदन सरकार होकर मृत पत्नी का नाम चामोर्शी तहसील के ठाकुरनगर निवासी खुशी महानंद सरकार (19) बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, चार माह पूर्व महानंद और खुशी का विवाह हुआ। विवाह के बाद से ही महानंद पत्नी खुशी के चरित्र पर संदेह किया करता था। इसी कारण से नवदम्पति में आए दिन विवाद होते थे। इस बीच 29 अप्रैल को भी पति-पत्नी में जमकर विवाद हुआ। इस विवाद में महानंद ने खुशी की बड़ी ही बेरहमी से पिटाई की, जिसके बाद उसे खेत परिसर में ले जाकर खेत के कुएं में धकेल दिया। घटना के दिन शाम के दौरान महानंद ने मुलचेरा पुलिस थाना पहुंचकर पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस बीच पत्नी को कुएं में धकेलने के बाद आरोपी महानंद ने कुएं में एक किलो कीटनाशक भी मिला दिया था। इस कीटनाशक के कारण कुएं की मछलियां मृत हो गई थी। 2 मई को पुलिस द्वारा शुरू की गयी जांच के दौरान पुलिस टीम ने खेत परिसर के कुएं में भी खोजबीन की। इस दौरान कुएं में मछलियां मृत अवस्था में पाये जाने पर पुलिस ने कुएं में उतरकर खुशी के शव को बाहर निकाला। घटनास्थल की स्थिति, गांव के लोगों के बयान के चलते खुशी की हत्या पति महानंद द्वारा किए जाने का स्पष्ट होने के बाद मंगलवार की शाम मुलचेरा पुलिस ने आरोपी महानंद को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच मुलेचरा के थानेदार अशोक भापकर कर रहे हैं।
Created On :   4 May 2023 1:33 PM IST