पंचकल्याण महोत्सव की जोरों से चल रही है तैयारियां

डिजिटल डेस्क,देवेन्द्रनगर नि.प्र.। देवेन्द्रनगर स्थित जैन मंदिर के प्रागंण में निर्मित उत्तुंग मानस्तंभ में २० जिन प्रतिमा एवं अन्य २७ जिन प्रतिमाओं का प्राण प्रतिष्ठा की जानी है। जिस हेतु पंच कल्याण महोत्सव का भव्य आयोजन दिनांक २० मार्च से २६ मार्च तक देवेन्द्रनगर में संपन्न होगा। पंचकल्याण महोत्सव एवं भव्य आयोजन के लिए जैन समाज द्वारा तैयारियां की जा रही है। पंचकल्याण महोत्सव के आयोजन के लिए आचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज,ससंग मुनि विश्रांत सागर जी महाराज देवेन्द्रनगर गौरव मुनि विनिमेष सागर जी का आगमन होने जा रहा है। जैन समाज देवेन्द्रनगर के प्रतिष्ठाचार्य पंडित संकेत जैन, विवेक ने बताया कि आयोजन की समस्त व्यवस्थायें जैन समाज देवेन्द्रनगर द्वारा की जा रही है। समाज के अध्यक्ष एडवोकेट सहित पूरी समिति इस आयोजन के कार्याे में लगी है। महोत्सव के आयोजन में पात्रों के लिए हथकरघा द्वारा सूती वस्त्रों की व्यवस्था की गई है गजरथ फेरी भी आयोजित होगी कमेटी के प्रमुख कार्यकर्ता रवीन्द्र जैन ने बताया कि पंचकल्याण महोत्सव में दूर-दूर से श्रद्धालु सम्मलित होगें। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए गजरथ कार्यालय खोला जाये। कार्यक्रम प्रमुख प्रतिष्ठा चक्रवर्ती बाल ब्रह्मचारी पंडित धर्मचंद्र शास्त्री, दिल्ली एवं सहयोग हेतु पंडित संकेत जैन विवेक, देवेंद्र नगर, ब्रम्हचारी अक्षय भैया मुंबई के निर्देशन में समस्त विधि-विधान पूर्वक प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी तथा संगीतकार अरविंद शास्त्री सागर के माध्यम से भक्ति कराई जाएगी। मुनि व्यवस्था समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन बब्लू तथा सुरेंद्र जैन पूरी टीम के साथ मुनिराज का विहार देवेंद्रनगर के लिए करवा रहे हैं। महोत्सव के आयोजन को लेकर समाज में उत्साह देखा जा रहा है।
Created On :   15 March 2023 3:14 PM IST