मंच पर हनुमानजी की प्रतिमा के सामने दिखे बॉडी बिल्डिंग के 'बेशर्म रंग'! कांग्रेस की आपत्ति पर बीजेपी का जवाब महिलाओं का हुनर बर्दाश्त नहीं हो रहा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब इस वीडियो को लेकर विवाद खड़ा होता हुआ नजर आ रहा है। दरअसल, रतलाम जिले में जूनियर बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जो अब विवादों में पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो में महिला प्रतियोगियों को बिकनी पहने हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है। स्टेज पर बिकनी पहनी महिला प्रतियोगियों के साथ हनुमान जी की प्रतिमा भी मौजूद है। कांग्रेस पार्टी को जब इस बात का पता चला तो बिना देरी किए हुए भाजपा और उसके नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के नेताओं द्वारा किया गया है। जो साफ तौर पर सार्वजनिक रूप से वो अश्लीलता फैलाने का काम कर रहे हैं।
भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
रतलाम में हुए जूनियर बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भाजपा नेताओं से माफी मांगने को कहा है। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने कहा कि सोमवार को इस जगह को गंगाजल से पवित्र करके हम हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। ताकि अपवित्र जगह को पहले की तरह शुद्ध किया जा सके। वहीं दूसरी तरफ भाजपा नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का चरित्र जग जाहिर है वो हमेशा से ही महिलाओं का अपमान करती आ रही है। ठीक आज भी उन्होंने वैसा ही किया है। कांग्रेस से दो कदम आगे चलते हुए भाजपा नेताओं ने बाकायदा थाने पहुंच कर कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने लगे और जमकर नारेबाजी की। पुलिस स्टेशन में भाजपा नेताओं ने करीब ढाई घंटे कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद थाने से नेताओं का हुजुम हटा।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, रतलाम जिले में इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन ने दो दिवसीय जूनियर बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन रखा था, जो रविवार यानी 5 मार्च को खत्म हो गया। लेकिन एक नया विवाद खड़ा कर गया। इस आयोजन में महिला पहलवान बिकनी पहन कर व संगीत के धुन पर अपने शरीर की मांसपेशियां दिखा रही थी। इसी कार्यक्रम में एक जगह पर बजरंग बली की प्रतीमा लगी हुई थी। इसी बात को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया है। जिसके बाद से ही दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है।
— Bhupendra Gupta Agam (@BhupendraAgam) March 5, 2023
कांग्रेस का भाजपा पर आरोप
कांग्रेस नेता मयंक जाट और प्रदेश कांग्रेस महामंत्री पारस सकलेचा ने कहा कि बीजेपी नेताओं ने बजरंग बली का खूब मजाक उड़ाया है। इन्होंने हिंदू और सनातन धर्म की संस्कृति को तार-तार किया है। पठान फिल्म के गाने पर भाजपा वालों ने तो खूब बवाल मचाया था लेकिन इनके कथनी और करनी में बड़ा ही फर्क है। नेताजी यहीं नहीं रूके उन्होंने आगे कहा कि जिस जगह पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ है वहां गंगाजल और हनुमान चलीसा का पाठ करेंगे।
क्या कांग्रेस नेताओं पर होगी कार्रवाई ?
कांग्रेस के नेताओं की कमेंट्स की वजह से भाजपा के भी कुछ नेता आक्रामक होते हुए देख जा सकते हैं। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर महिला प्रतियोगियों पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है। इसी मामलों को लेकर यहां खूब हंगामा हुआ। जिसके बाद पुलिस ने भाजपा जिला महिला मोर्चा के उपाध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधी भारतीय पाटीदार समेत अन्य महिला नेताओं से लिखित में शिकायत ली और उन सभी नेताओं को 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया।
Created On :   6 March 2023 1:29 PM IST