नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ कांड: 'सरकार कबूल करें जिम्मेदारी', नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ पर जमात-ए-इस्लामी हिंद की आई प्रतिक्रिया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ से बड़ा हादसा हो गया था। इस दौरान 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि, दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे को लेकर सियासत गरमा गई है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ को लेकर विपक्षी दलों के नेता केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है। इस बीच जमात-ए-इस्लामी हिंद ने दिल्ली रेल भगदड़ हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
इस बारे में मुस्लिम संगठन ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, "इस दुखद घटना से हम बेहद दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं, और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।"
भगदड़ कांड को सलीम इंजीनियर ने बताया दुखद
इस घटना के लिए जमात-ए-इस्लामी हिंद के उपाध्यक्ष प्रोफेसर सलीम इंजीनियर ने उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, "हम अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि भगदड़ के कारणों का पता लगाया जाए, जवाबदेही तय की जाए, और भीड़ प्रबंधन में हुई चूक के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। सरकार को जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।" इतना ही नहीं, बल्कि उन्होंने बड़ी सार्वजनिक सभाओं के दौरान सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बता दें, इस घटना के लिए कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर अव्यवस्थाओं और नजरअंदाज करने का लगाया आरोप। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। स्टेशन से आ रहे वीडियो हृदयविदारक हैं। मोदी सरकार द्वारा मौतों की सच्चाई छिपाने की कोशिश निंदनीय है।"
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान कांग्रेस ने नई दिल्ली रेलवे भगदड़ कांड में मरने वाले मृतकों और घायलों को लेकर मांग की। कांग्रेस ने कहा कि मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या घोषित की जाए। गुमशुदा लोगों की पहचान सुनिश्चित की जाए। पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए।
जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में शनिवार देर रात को भगदड़ मची थी। इस दौरान प्लेटफॉर्म 14 और 16 पर हजारों यात्री प्रयागराज जाने वाली स्पेशल ट्रेन पकड़ने के लिए मौजूद थे। ट्रैन के लेट होने से अचानक भीड़ अनियंत्रित हो गई। इससे भगदड़ मच गई थी। कई यात्रियों को ट्रेन नहीं मिल पाई और उन्हें बिना यात्रा किए वापस लौटना पड़ा। इस घटना के बाद विपक्ष और सामाजिक संगठनों ने सरकार की जवाबदेही तय करने और भीड़ प्रबंधन में सुधार की मांग की है। ऐसे में अब देखना होगा कि सरकार इस पर क्या कदम उठाती है और क्या कोई ठोस जांच होती है।
Created On :   16 Feb 2025 11:44 PM IST