राजनीति: अब नहीं चलेगी बहानेबाजी, भाजपा को करना पड़ेगा काम सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में लगभग दो साल के अंतराल के बाद एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मेयर बना है। शुक्रवार को राजा इकबाल सिंह को नया मेयर चुना गया। उन्हें कुल 133 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार मंजीत सिंह को आठ वोट प्राप्त हुए। एक वोट अमान्य घोषित किया गया। कुल 142 वोट डाले गए थे।
भाजपा को यह जीत आम आदमी पार्टी (आप) के चुनाव बहिष्कार और कांग्रेस की कमजोर उपस्थिति के कारण आसानी से मिल गई। इससे भाजपा ने नगर निगम पर मजबूत पकड़ बना ली है।
नतीजों के बाद 'आप' नेता सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "तमाम हथकंडे और जोड़तोड़ के बाद भी 250 पार्षदों की एमसीडी में भाजपा के पास सिर्फ 117 पार्षद हैं। 238 पार्षदों के हाउस में बहुमत का आंकड़ा 120 का बनता है। भाजपा जान ले कि अब चार इंजन की सरकार में कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी, कोई बयानबाजी नहीं चलेगी। अब तो काम करके दिखाना पड़ेगा। जनता एक महीने में सब जान जाएगी।"
उल्लेखनीय है कि चुनाव में भाजपा के जय भगवान यादव को उपमहापौर पद के लिए निर्विरोध चुना गया। कांग्रेस की उम्मीदवार अरीबा आसिफ खान ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके चलते भाजपा के प्रत्याशी को बिना मुकाबले जीत मिली।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राजा इकबाल सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और अब पार्टी पर शहर की समस्याओं को सुलझाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्थायी समिति के चुनाव जल्द ही कराए जाएंगे।
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने महापौर चुनाव का बहिष्कार करते हुए कहा कि अब भाजपा को बिना किसी बहाने के दिल्ली में काम करना होगा।
पिछले चुनाव में 'आप' के महेश कुमार खिंची ने महज तीन वोटों से जीत हासिल कर महापौर पद संभाला था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2025 5:19 PM IST