राजनीति: हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर सीएम योगी, धामी और अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर देशभर के नेताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेताओं ने उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर तमाम नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा जी की जयंती के अवसर पर आज लखनऊ में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बहुगुणा जी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। देश और प्रदेश के विकास के लिए उन्होंने जो योगदान दिया, उसे हमारी सरकार आगे बढ़ा रही है। स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा जी की पावन स्मृतियों को नमन!"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी हेमवती नंदन बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "जनसेवा, सादगी एवं दृढ़ संकल्प के प्रतीक राजनेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया। सीएम धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "आज प्रातः शासकीय आवास पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं कुशल राजनीतिज्ञ, पर्वतीय क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहे उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ‘हिमालय पुत्र’ श्रद्धेय हेमवती नंदन बहुगुणा जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।"
हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के अलावा एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और कुशल राजनेता भी थे। 25 अप्रैल 1919 को जन्मे बहुगुणा ने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी निभाई और फिर बाद में उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। वह 1973 से 1975 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। बहुगुणा को उनकी सादगी, जनसेवा, और दृढ़ संकल्प के लिए जाना जाता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2025 11:58 AM IST