राष्ट्रीय: सागर परिक्रमा मिशन महिला नाविकों ने ‘केप ऑफ गुड होप’ को किया पार

सागर परिक्रमा मिशन  महिला नाविकों ने ‘केप ऑफ गुड होप’ को किया पार
सागर परिक्रमा के मिशन पर निकली भारतीय नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए ने बेहद खतरनाक समुद्री रास्ते को पार किया है। तेज हवाओं और ऊंची खतरनाक लहरों वाले इस समुद्री क्षेत्र को ‘केप ऑफ गुड होप’ कहते हैं। नौसेना की बोट तारिणी पर सवार महिला अधिकारी विश्व सागर परिक्रमा के मिशन को पूरा कर वापस हिंदुस्तान लौट रही हैं।

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। सागर परिक्रमा के मिशन पर निकली भारतीय नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए ने बेहद खतरनाक समुद्री रास्ते को पार किया है। तेज हवाओं और ऊंची खतरनाक लहरों वाले इस समुद्री क्षेत्र को ‘केप ऑफ गुड होप’ कहते हैं। नौसेना की बोट तारिणी पर सवार महिला अधिकारी विश्व सागर परिक्रमा के मिशन को पूरा कर वापस हिंदुस्तान लौट रही हैं।

साउथ अफ्रीका से भारत की ओर लौटते समय इस महिला चालक दल ने प्रतिष्ठित केप ऑफ गुड होप को सफलतापूर्वक पार किया है। भारतीय नौसेना का कहना है कि नेवी अधिकारियों की इस जलयात्रा में यह एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है।

नौसेना के मुताबिक, दक्षिणी महासागर के चुनौतीपूर्ण जलमार्ग में सफलतापूर्वक नौकायन एक बड़ी चुनौती रही। इस चुनौती को पूरा किया गया है। समुद्री मार्ग को पार करते समय चालक दल ने तीन प्रमुख केप- केप ऑफ गुड होप, केप लीउविन और केप हॉर्न को पार किया है। इन जटिल जलमार्गों को पार करने के बाद, चालक दल अब दृढ़ संकल्प और साहस से प्रेरित होकर भारत लौट रहा है।

यह उल्लेखनीय उपलब्धि चालक दल के असाधारण नाविक कौशल और टीम वर्क को दर्शाती है। यह भारतीय नौकायन के लिए एक नया मानदंड भी स्थापित करती है और राष्ट्र को प्रेरित करती है।

नौसेना का कहना है कि इस महिला चालक दल की यात्रा वैश्विक समुद्री अन्वेषण और साहसिक कार्य में भारत की बढ़ती उपस्थिति का प्रमाण है। भारतीय नौसेना की इन महिला अधिकारियों का सागर परिक्रमा अभियान अपने अंतिम चरण में है।

लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए करीब 40 हजार किलोमीटर की बेहद जटिल सागर परिक्रमा की यात्रा पूरी करके मई महीने में भारत पहुंचेगी। इसी सप्ताह को दोनों साउथ अफ्रीका के केप टाउन से भारत के लिए रवाना हुई हैं। केपटाउन में इनसे दक्षिण अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त प्रभात कुमार, वेस्टर्न केप के उपाध्यक्ष रेगन एलन, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर जोंटी रोड्स, गोल्डन ग्लोब रेस 2022–23 की विजेता और प्रसिद्ध एकल समुद्र यात्री कर्स्टन न्यूसेफर ने मुलाकात की थी। इस दौरान विश्व सागर परिक्रमा पर निकली इन महिला नाविकों का उत्साहवर्धन किया गया।

सागर परिक्रमा का यह समुद्री मार्ग अपनी तेज हवाओं, ऊंची लहरों और अप्रत्याशित मौसम के लिए जाना जाता है। यहां अलग-अलग क्षेत्र की विभिन्न परिस्थितियां अनुभवी नाविकों की भी कड़ी परीक्षा लेती हैं। कई क्षेत्र ऐसे भी हैं, जहां समुद्री यात्रा नाविकों के लिए एक बड़ी चुनौती बन जाती है। इन सभी चुनौतियों को पार करके दोनों महिला अधिकारी मई के अंत तक गोवा पहुंच रही हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 April 2025 1:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story