राजनीति: ओडिशा पिता की अस्थियों का विसर्जन कर लौटे धर्मेंद्र प्रधान ने पुरी में किया अनुष्ठान, भगवान जगन्नाथ के किए दर्शन

पुरी, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। अपने दिवंगत पिता देवेंद्र प्रधान की अस्थियों का विसर्जन कर लौटे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार को अपने भाई सौमेंद्र प्रधान के साथ ओडिशा के पुरी पहुंचे। दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों के साथ स्वोस्ती होटल के पास अपने दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि देते हुए फल चढ़ाए और समुद्र से पवित्र जल छिड़का।
अनुष्ठान के बाद धर्मेंद्र प्रधान जगन्नाथ मंदिर गए, जहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ के साथ चतुर्धा मूर्ति के देवताओं के दर्शन किए। उन्होंने पवित्र अनुष्ठान के तहत ब्राह्मण भोजन (पुजारियों के लिए भोज) का भी आयोजन किया। मंदिर के सिंहद्वार पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
जानकारी के अनुसार, अपने करीब डेढ़ घंटे के दौरे के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने मंदिर के भीतरी परिसर का दौरा किया, जिसमें विमला और लक्ष्मी मंदिर भी शामिल थे। मंदिर से बाहर निकलने पर उन्होंने भक्ति के प्रतीक के रूप में अरुण स्तंभ के पास साष्टांग प्रणाम किया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा, "जय जगन्नाथ, मुझे ओड़िया नववर्ष से ठीक पहले मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना करता हूं।"
उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार (10 अप्रैल) को अपने पिता देवेंद्र प्रधान की अस्थियों को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में त्रिवेणी संगम - गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के संगम - पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विसर्जित किया था। इस मौके पर कई भाजपा नेता भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने देवेंद्र प्रधान (83) का दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था। वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में परिवहन मंत्री रह चुके थे। इसके अलावा वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, देवेंद्र प्रधान राजनीति में आने से पहले सरकारी डॉक्टर थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 April 2025 9:59 PM IST