मानवीय रुचि: यमुना सफाई के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस ने केजरीवाल के आवास के बाहर किया विरोध-प्रदर्शन
![यमुना सफाई के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस ने केजरीवाल के आवास के बाहर किया विरोध-प्रदर्शन यमुना सफाई के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस ने केजरीवाल के आवास के बाहर किया विरोध-प्रदर्शन](/images/placeholder.jpg)
नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यमुना नदी की सफाई को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
यह विरोध प्रदर्शन केजरीवाल के घर के पास किया गया, जहां पुलिस ने बैरिकेड्स लगा दिए थे। इसका नेतृत्व इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया।
इस प्रदर्शन में देशभर से आए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के पुतले को यमुना के गंदे पानी से नहलाया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पिछले कई दिनों से यमुना के पानी को लेकर झूठ बोल रहे हैं। उनका यह झूठ अब चलने वाला नहीं है, दिल्ली की जनता ने उन्हें खारिज करने का मन बना लिया है।
वहीं उदय भानु चिब ने कहा, "देश में सबसे ज्यादा प्रदूषण किसी राज्य में है तो वह दिल्ली में है। यहां प्रदूषण की वजह से बच्चों का स्कूल बंद करना पड़ा। स्वास्थ्य, पानी, बिजली से लेकर सभी मोर्चे पर आम आदमी पार्टी की सरकार असफल साबित हुई है। हम सभी केजरीवाल के आवास के बाहर उन्हें यह याद दिलाने आए हैं कि यमुना में डुबकी लगाने की बारी उनकी है। हकीकत यह है कि यमुना की हालत दयनीय बनाने के लिए केजरीवाल खुद जिम्मेदार हैं। जब से आप पार्टी दिल्ली में सत्ता में आई है, प्रदूषण और गंदगी दिल्ली की पहचान बन गई है। केजरीवाल और भाजपा एक-दूसरे पर आरोप लगाने की राजनीति करने में व्यस्त हैं और वहीं दिल्ली की जनता इनके कुशासन से परेशान है।
चिब ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने यमुना की सफाई से संबंधित बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सब वादे झूठ निकले। आज दिल्ली की जनता यमुना नदी के प्रदूषण से जूझ रही है, वहां कूड़े का ढेर लगा हुआ है और इन सबके लिए केजरीवाल जिम्मेदार हैं। दिल्ली के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उल्लेखनीय है कि अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिकों को पीने के पानी की आपूर्ति हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होती है, और यमुना नदी के जरिए हरियाणा से दिल्ली को पानी आता है। लेकिन भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला बना दिया है, जिसके कारण पानी की गुणवत्ता पर असर पड़ा है।
केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि इस पानी में ऐसा जहरीला तत्व मिलाया गया है, जिसे जल उपचार संयंत्र भी साफ नहीं कर सकते हैं। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली के एक-तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है। हालांकि, जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 Jan 2025 6:52 PM IST