राजनीति: महिला मतदाताओं को साधने पर ‘आप’ की नजर, बनाई माइक्रो मैनेजमेंट रणनीति

नई दिल्ली, 5 दिसंबर (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर, महिला मतदाताओं को साधने के लिए आम आदमी पार्टी ने एक माइक्रो मैनेजमेंट रणनीति तैयार की है। इसके तहत, दिल्ली सरकार के कार्यों को महिलाओं तक पहुंचाने के लिए पार्टी की महिला विंग दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में छोटी-छोटी बैठकों का आयोजन कर रही है, जिसमें महिलाओं से सीधा संवाद किया जा रहा है।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए आप ने महिला विंग के पांच हजार ग्रुप बनाए हैं, जिनमें प्रत्येक ग्रुप में आठ महिलाएं हैं। हर ग्रुप को 10 महिलाओं से संवाद स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह महिलाओं का यह ग्रुप दिन में तीन-चार बैठकें करता है। बैठक में महिलाओं को केजरीवाल के काम और महिलाओं को हो रहे उनके फायदों की जानकारी दी जाती है। साथ ही यह भी बताया जाता है कि जहां भाजपा सरकारें हैं, वहां महिलाओं को किस तरह की सुविधा नहीं है।
आप महिलाओं के अपने मजबूत वोट बैंक को इस बार के चुनाव में मजबूती से पकड़ कर रखना चाहती है। उसका मानना है कि 2015 और 2020 के परिणाम को दोहराना है तो महिलाओं का साथ आवश्यक है। महिला विंग की बैठक में महिलाओं से मिल रहे सुझावों को भी पार्टी हाईकमान तक पहुंचा रही है।
महिला विंग की कार्यकर्ता दिल्ली की हर कॉलोनी, मोहल्ले और गलियों में जाकर महिलाओं के समूहों के साथ बैठकें कर रही हैं ताकि सभी लोगों को ‘आप’ सरकार की नीतियों और उनके प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया जा सके। महिलाओं को बताया जा रहा है कि किस तरह दिल्ली सरकार की मुफ्त बिजली, पानी और बसों में मुफ्त सफर की योजनाओं ने उन्हें और उनके परिवार को सशक्त बनाया है। इसके अलावा, बच्चों की शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और परिवहन पर महिलाओं के हजारों रुपये बच रहे हैं, जिससे उनका जीवन बेहतर हो रहा है।
इस रणनीति के अंतर्गत महिलाओं को भाजपा और एनडीए शासित उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और हरियाणा सहित अन्य राज्यों में अपने रिश्तेदारों से संपर्क कर वहां की बिजली दरों और अस्पतालों, स्कूलों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पूरी दिल्ली में 50 हजार से अधिक बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आप के कार्यकर्ता सीधे लोगों से संवाद करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली का हर मतदाता दिल्ली सरकार के विकास कार्यों को समझे।
आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय का कहना है कि दिल्ली सरकार की योजनाओं का महिलाओं को खूब लाभ मिलता है। मुफ्त बस सफर, फ्री और अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य से उनकी प्रतिमाह पांच-दस हजार रुपये की बचत होती है, जिसका इस्तेमाल वे अपनी अन्य जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। दिल्ली सरकार जल्द ही महिलाओं को एक हजार रुपये भी देने वाली है। इन सब कारणों से महिलाओं के अंदर आप को लेकर काफी सकारात्मकता है। इसी को पूरी तरह से पार्टी से जोड़ने के लिए महिला विंग की छोटी बैठकें आयोजित कराई जा रही।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Dec 2024 3:45 PM IST