अंतरराष्ट्रीय: रूस-यूक्रेन संघर्ष पुतिन की मई में तीन दिवसीय युद्धविराम की घोषणा

रूस-यूक्रेन संघर्ष  पुतिन की मई में तीन दिवसीय युद्धविराम की घोषणा
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अगले महीने विजय दिवस समारोह के मद्देनजर यूक्रेन में 72 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की। क्रेमलिन ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

मॉस्को, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अगले महीने विजय दिवस समारोह के मद्देनजर यूक्रेन में 72 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की। क्रेमलिन ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

बयान में कहा गया, "रूसी संघ के राष्ट्रपति, सशस्त्र बलों के सुप्रीम कमांडर-इन-चीफ वी.वी. पुतिन के आदेश से विजय की 80वीं वर्षगांठ के दिनों के दौरान, [7-8 मई की मध्यरात्रि से 10-11 मई की मध्यरात्रि तक], रूसी पक्ष युद्धविराम की घोषणा करता है। इस अवधि के लिए सभी सैन्य कार्रवाइयां निलंबित की जाती हैं।"

इसमें कहा गया, "रूस का मानना ​​है कि यूक्रेनी पक्ष को इस उदाहरण का अनुसरण करना चाहिए। यूक्रेनी पक्ष की तरफ से युद्धविराम का उल्लंघन होने पर रूसी सशस्त्र बल पर्याप्त और प्रभावी प्रतिक्रिया देंगे। रूसी पक्ष एक बार फिर बिना किसी पूर्व शर्त के शांति वार्ता के लिए अपनी तत्परता की घोषणा करता है, जिसका उद्देश्य यूक्रेनी संकट के मूल कारणों को खत्म करना और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ रचनात्मक बातचीत करना है।"

रूस में विजय दिवस हर वर्ष 9 मई को मनाया जा है। इस दिन मॉस्को में विजय दिवस परेड आयोजित की जाती है। यह रूस के सबसे महत्वपूर्ण राजकीय समारोहों में से एक है, जो दूसरे विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत सेना की जीत की याद में मनाया जाता है। इस साल का आयोजन विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह यूरोप में युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ है।

इस बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। रूसी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

बयान में कहा गया, "बातचीत का फोकस यूक्रेन संकट पर था। दोनों विदेश मंत्रियों ने दीर्घकालिक स्थायी शांति के लिए वार्ता शुरू करने के लिए जरुरी परिस्थितियों को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया।"

इसमें कहा गया, "दोनों पक्षों ने रूस-अमेरिका राजनीतिक वार्ता के प्रमुख पहलुओं पर विचारों का सार्थक आदान-प्रदान जारी रखा, जो हाल में काफी तेज हो गया है।"

इससे पहले क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन बिना किसी पूर्व शर्त के यूक्रेन के साथ वार्ता फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 April 2025 6:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story