Breaking News: आज की बड़ी खबरें 13 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 13 April 2025 1:35 PM IST
जयपुर मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
राजस्थान के जयपुर जिले में मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाओं सहित 12 महीने का बच्चा भी शामिल है। मिली जानकारी के मुताबिक, लखनऊ का यह परिवार खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था।
- 13 April 2025 1:31 PM IST
मुर्शिदाबाद और मालदा में हालात खराब, ममता सरकार पूरी तरह से फेल अजय आलोक
कलकत्ता हाई कोर्ट की एक विशेष डिवीजन बेंच ने मुर्शिदाबाद जिले में भड़की हिंसा के बाद केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात करने का आदेश दिया है। इस मुद्दे पर भाजपा नेता अजय आलोक ने कहा कि बंगाल में पलायन शुरू हो चुका है और हिंदुओं पर हमले भी हो रहे हैं।
- 13 April 2025 1:20 PM IST
भारत में एप्पल आईफोन का उत्पादन वित्त वर्ष 2024-25 में 60 प्रतिशत बढ़ा
भारत में एप्पल आईफोन का उत्पादन वित्त वर्ष 2024-25 में सालाना आधार पर 60 प्रतिशत बढ़कर 1.89 लाख करोड़ रुपये हो गया है। यह जानकारी इंडस्ट्री डेटा से मिली। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस कुल उत्पादन में से, एप्पल ने भारत से 1.5 लाख करोड़ रुपये मूल्य के आईफोन का निर्यात किया है। अमेरिका-चीन टैरिफ वार छिड़ने के साथ ही भारत में एप्पल के उत्पादन में और तेजी आने की उम्मीद है, जिसके परिणामस्वरूप निर्यात में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।
- 13 April 2025 1:11 PM IST
गुना में हनुमान जयंती के जुलूस पर पथराव, मंत्री विश्वास सारंग बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मध्य प्रदेश के गुना में शनिवार को हनुमान जयंती के जुलूस पर हुए पथराव को लेकर मंत्री विश्वास सारंग की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है।मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "शांतिपूर्ण तरीके से निकल रहे जुलूस पर पथराव करना आपत्तिजनक है। इस मामले में जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
- 13 April 2025 1:03 PM IST
भारत-रूस राजनयिक संबंधों की 78वीं वर्षगांठ, मित्रता और सहयोग का उत्सव मना रहे दोनों देश
आज रूस और भारत अपने राजनयिक संबंधों की 78वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। यह दिन दोनों देशों के बीच गहरी मित्रता, विश्वास और रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक है, जो राजनीति, व्यापार, प्रौद्योगिकी, विज्ञान, शिक्षा और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में मजबूत सहयोग पर आधारित है।
- 13 April 2025 12:31 PM IST
ताजिकिस्तान में कांपी धरती, दहशत में लोग
ताजिकिस्तान में आज रविवार को एक घंटे के भीतर दो बार धरती कांपी। भूकंप के तेज झटके दो बार महसूस होने से लोगों में दहशत है। भूकंप का केंद्र ताजिकिस्तान के पहाड़ी क्षेत्र में बताया जा रहा है। ताजिकिस्तान में बार-बार आ रहे भूकंप के झटकों ने स्थानीय नागरिकों को चिंता में डाल दिया है। 24 घंटे के अंदर दो बार भूकंप आने से लोगों में डर पैदा हो गया है।
- 13 April 2025 12:26 PM IST
भूकंप के मामले में बीते दिन जैसे आज के हाल
शनिवार को दोपहर के समय कश्मीर के कुछ हिस्सों के अलावा, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, टोंगा और पपुआ न्यू गिनी में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। शनिवार दोपहर को पाकिस्तान में 5.8 की तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का सेंटर राजधानी इस्लामाबाद के पास रावलपिंडा में था।
- 13 April 2025 11:45 AM IST
हिमाचलप्रदेश के सुंदरनगर में हिली धरती
हिमाचलप्रदेश के सुंदरनगर में करीब सवा 9 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस हुए। भूकंप के झटकों से लोग दहशत में आ गए। भूकंप के झटके लगते ही लोग शोर मचाते हुए अपने अपने घरों से बाहर निकल आए हैं। जिला प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि कहीं से भी कोई नुकसान की जानकारी नहीं है। बुलेटिन जारी कर प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है।
- 13 April 2025 11:18 AM IST
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जाएर बोल्सोनारो का स्वास्थय
बोल्सोनारो की लिबरल पार्टी के प्रेस कार्यालय ने कहा उनक दर्द सितंबर 2018 में उनके पेट में चाकू घोंपने के लॉग टर्म इफेक्ट से संबंधित था। आपको बता दें ब्राजील के 2018 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले एक अभियान कार्यक्रम में हुई वारदात के बाद से बोल्सोनारो अस्पतालों में समय समय पर आते-जाते रहे हैं। रूढ़िवादी नेता ने 2019-2022 तक अपने राष्ट्रपति पद के दौरान कई सर्जरी करवाईं।
- 13 April 2025 10:53 AM IST
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जाएर बोल्सोनारो अस्पताल में भर्ती
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जाएर बोल्सोनारो का स्वास्थय अचानक खराब हो गया। उन्हें पेट दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराए जाने के एक दिन बाद, चिकित्सा विमान के जरिये उत्तर-पूर्वी ब्राजील से राष्ट्रीय राजधानी ब्रासीलिया के अस्पताल में ट्रांसफर किया गया है। अभी भी उनका ईलाज चल रहा है
Created On :   13 April 2025 8:00 AM IST