Breaking News: आज की बड़ी खबरें 11 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 11 April 2025 11:21 AM IST
PM मोदी पहुंचे वाराणसी, दुष्कर्म की घटना की ली जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे हैं। इस दौरान उतरते ही उन्होंने दुष्कर्म की घटना की जानकारी अधिकारियों से ली है। साथ ही ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश सरकार के आठ साल पूरे होने के बाद पहली बार शुक्रवार को काशी पहुंचे। वह बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर से मेहंदीगंज स्थित जनसभा स्थल के लिए रवाना हुए।
- 11 April 2025 11:15 AM IST
बिहार मोतिहारी में प्रेमी-प्रेमिका की हत्या से सनसनी, पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट
बिहार के मोतिहारी में डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई है। केसरिया थाना क्षेत्र के त्रिलोकवा गांव से पुलिस ने एक युवक और युवती की लाश बरामद की है। मृतकों की पहचान विकास पासवान और प्रिया कुमारी के तौर पर हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोपी अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी सतेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को बीती रात सूचना मिली कि केसरिया थाना क्षेत्र के त्रिलोकवा गांव में अमन कुमार ने अपने घर में लोहे के हथौड़े से अपनी बहन और उसके प्रेमी की हत्या कर दी।
- 11 April 2025 11:03 AM IST
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का चेन्नई दौरा, एआईएडीएमके नेताओं से करेंगे मुलाकात
तमिलनाडु में साल 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह चेन्नई पहुंचे। उनके इस दौरे का उद्देश्य तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और एआईएडीएमके के गठबंधन को फिर से मजबूत करने के लिए अहम चर्चा करना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भाजपा के तमिलनाडु अध्यक्ष के. अन्नामलाई, केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन और वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सुंदरराजन, नैनार नागेंद्रन और पोन राधाकृष्णन ने चेन्नई हवाई अड्डे पर स्वागत किया।
- 11 April 2025 10:56 AM IST
ई-मोबिलिटी, चिप्स और फिनटेक जैसे सेक्टर ऑस्ट्रिया के लिए प्रमुख निवेश अवसर-वित्त मंत्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि ऑस्ट्रिया और भारत के बीच निवेश और व्यापार साझेदारी के कई अवसर हैं, जिसमें ई-मोबिलिटी, सेमीकंडक्टर और फिनटेक शामिल हैं। वित्त मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, वियना में ऑस्ट्रिया के वित्त मंत्री मार्कस मार्टरबाउर के साथ अपनी बैठक के दौरान, वित्त मंत्री सीतारमण ने भारतीय अर्थव्यवस्था, प्रमुख सुधारों और नीति उपायों के प्रमुख पहलुओं को साझा किया।
- 11 April 2025 10:47 AM IST
धार की फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल टीम आग बुझाने में जुटी
मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में एक पाइप फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई है। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
- 11 April 2025 10:35 AM IST
‘ट्रेड वॉर से किसी को फायदा नहीं’, यूएस टैरिफ का ब्रिटेन और जापान के प्रधानमंत्रियों ने जताया विरोध
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा से बात की। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि ट्रेड वॉर से किसी को फायदा नहीं होगा। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बैठक ऐसे समय में हुई, जब अमेरिका ने अधिकांश देशों पर 10 प्रतिशत का टैरिफ लगाया है। इसके साथ ही स्टील, एल्यूमीनियम और कार के पार्ट्स पर 25 प्रतिशत का आयात टैरिफ लगाया हुआ है।
- 11 April 2025 10:28 AM IST
वाराणसी के एलबीएस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे केशव मौर्य
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वाराणसी के एलबीएस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने कहा कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी काशी आ रहे हैं। लगभग 4000 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात लेकर आ रहे हैं। मैं उनका हृदय से स्वागत करता हूं।
- 11 April 2025 10:15 AM IST
पीएम मोदी देंगे वाराणसी को सौगात- ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज PM मोदी वाराणसी को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं और सभी कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। PM मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश देश के नंबर-1 राज्य के रूप में विकसित को रहा है। 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी सफलता है। मोदी है तो मुमकिन है।
- 11 April 2025 10:08 AM IST
देश के लिए महात्मा फुले का अमूल्य योगदान हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर कर महात्मा फुले को याद किया और उनके अमूल्य योगदान को हर पीढ़ी के लिए प्रेरित करने वाला बताया। पीएम मोदी ने 'एक्स' पोस्ट पर लिखा, "मानवता के सच्चे सेवक महात्मा फुले को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने समाज के शोषित और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। देश के लिए उनका अमूल्य योगदान हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।"
- 11 April 2025 10:03 AM IST
पीएम मोदी आज ईसागढ़ के आनंदपुर धाम आएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर स्थित आनंदपुर धाम आ रहे हैं। वे यहां पूजा-अर्चना करेंगे और मंदिर परिसर का भ्रमण भी करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर लगभग दो बजे विशेष विमान से ट्रांजिट विजिट पर महाराजपुरा एयर फोर्स स्टेशन ग्वालियर पहुंचेंगे। यहां पांच मिनट रुकने के बाद अशोकनगर के लिए रवाना हो जाएंगे। ईसागढ़ के आनंदपुर धाम में लगभग दो घंटे रहेंगे और उसके बाद शाम छह बजकर 20 मिनट पर ग्वालियर से रवाना होंगे।
Created On :   11 April 2025 8:00 AM IST