Breaking News: आज की बड़ी खबरें 10 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 10 April 2025 10:51 AM IST
गिरिराज सिंह ने साधा तेजस्वी यादव पर निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि संसद से जो कानून पास होता है वह पूरे देश में लागू होता है। संसद पूरे देश का है। तेजस्वी यादव गरीब पसमांदा मुसलमानों के खिलाफ हैं। वे नहीं चाहते हैं कि गरीब मुसलमानों और महिलाओं को हक मिले। तेजस्वी यादव गरीब पसमांदा मुसलमानों के विरोधी हैं।
- 10 April 2025 10:41 AM IST
सीएम रेखा गुप्ता और एलजी वीके सक्सेना ने किया वजीराबाद में यमुना की सफाई का निरीक्षण
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार को वजीराबाद स्थित पॉल्यूशन कंट्रोल सेंटर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में यमुना नदी की सफाई का जायजा लिया। इस अवसर पर दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा भी मौजूद रहे। दरअसल, दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने के बाद भाजपा सरकार लगातार यमुना की सफाई को लेकर स्वच्छता अभियान चला रही है। इसी के चलते दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने वजीराबाद पॉल्यूशन कंट्रोल सेंटर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने वजीराबाद में नाले की सफाई के काम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा के अलावा दिल्ली सरकार के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
- 10 April 2025 10:30 AM IST
ओडिशा राउरकेला पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का किया भंडाफोड़, 9 अरेस्ट
ओडिशा के राउरकेला में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एक अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राउरकेला पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह "ट्रेड नाउ" नामक फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए देशभर के लोगों को ठग रहा था और उच्च रिटर्न का लालच देकर लाखों रुपये की उगाही कर रहा था। स्मार्ट सिटी के रूप में पहचान रखने वाला राउरकेला अनजाने में इन साइबर अपराधियों का अड्डा बन गया था, जिनका नेटवर्क भारत से बाहर दुबई जैसे देशों तक फैला हुआ था।
- 10 April 2025 10:26 AM IST
काठमांडू की हवा हुई खराब एक्यूआई 275 के पार
नेपाल में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है, जो परेशानी का सबब है। अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर चिंता जाहिर की। काठमांडू का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 279 है, जो खराब श्रेणी में माना जाता है। वायु प्रदूषण के कारण काठमांडू के निवासियों को कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, जिनमें श्वसन समस्याएं, हृदय रोग शामिल हैं। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को वायु प्रदूषण के प्रभावों के प्रति अधिक संवेदनशील माना जाता है।
- 10 April 2025 10:18 AM IST
पंजाब के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना
IMD निदेशक सुरेंदर पॉल ने कहा कि पिछले 2-3 दिन से पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में हीटवेव चल रही थी आज से उसमें कमी आ जाएगी क्योंकि अगले दो तीन दिन में हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। पंजाब के पश्चिमी हिस्से में और हरियाणा के उत्तरी हिस्से में गर्मी से राहत मिलेगी।
- 10 April 2025 10:10 AM IST
दिल्ली में आज से आयुष्मान योजना की होगी शुरुआत, विज्ञान भवन में बांटा जाएगा कार्ड
दिल्ली की भाजपा सरकार गुरुवार को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के तहत लोगों को स्वास्थ्य कार्ड देगी। यह कार्ड उन्हें दिए जाएंगे, जिन्होंने इस योजना के तहत पंजीकरण कराया था। विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में दोपहर 3 बजे लाभार्थियों को स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जाएंगे।
- 10 April 2025 10:00 AM IST
तहव्वुर राणा केस जांच एजेंसी का पक्ष रखेंगे नरेंद्र मान, केंद्र ने किया विशेष लोक अभियोजक नियुक्त
केंद्र सरकार ने 26/11 मुंबई हमले से जुड़े महत्वपूर्ण मामले की सुनवाई के लिए अधिवक्ता नरेंद्र मान को विशेष लोक अभियोजक (स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के मामले आरसी-04/2009/एनआईए/डीएलआई और इससे संबंधित अन्य मुकदमों के संचालन के लिए की गई है। नरेंद्र मान दिल्ली में एनआईए की विशेष अदालतों और अपीलीय अदालतों में एनआईए की ओर से पैरवी करेंगे। इसकी जानकारी सरकार ने एक आधिकारिक गजट नोटिफिकेशन के जरिए दी।
- 10 April 2025 9:51 AM IST
बीजेपी की सांसद कंगना रनौत का विवादित बयान
हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय सीट से बीजेपी की सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस को लेकर विवादित बयान दिया है। बीते दिन बुधवार को अभिनेत्री से सांसद बनी रनौत ने कांग्रेस पर हमला करते हुए उसे भ्रष्ट और अंग्रेजों की भूली-बिसरी औलाद कहा। आपको बता दें मनोरंजन की फिल्मी दुनिया से आई राजनीति में आई एक्ट्रेस कंगना रनौत ने ये सब उस दौरान कहा जब वो अपने निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर कांगू में एक जनसभा को संबोधित कर रही थी,
- 10 April 2025 9:28 AM IST
यूक्रेन के दावे की जांच में जुटा चीनी विदेश मंत्रालय
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वे यूक्रेन के दावे की जांच कर रहे हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी चीन की सरकार द्वारा सीधे तौर पर अपने सैनिकों को रूस की मदद के लिए भेजने की आशंका से साफ इनकार किया
- 10 April 2025 9:12 AM IST
जेलेंस्की ने चीन पर लगाया आरोप
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ड्रैगन पर लगाया आरोप, कहा 150 से ज्यादा चीनी सैनिक रूस की तरफ से यूक्रेन में लड़ रहे हैं युद्ध
Created On :   10 April 2025 8:00 AM IST