राष्ट्रीय: 2047 तक बिहार को एक ट्रिलियन डॉलर वाला राज्य बनाने में कृषि क्षेत्र की होगी भूमिका कुलपति डॉ. डीआर सिंह

भागलपुर, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसी के चलते हर राज्य की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। मिशन पूर्वोदय के तहत बिहार की भूमिका भी विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में अहम मानी जा रही है।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डीआर सिंह ने आईएएनएस को बताया कि दूसरी हरित क्रांति की शुरुआत बिहार से होनी चाहिए, क्योंकि यहां अलग-अलग तरह की जमीन है और ये दूसरी हरित क्रांति के लिए काफी उपयुक्त हैं। पीएम मोदी ने एक लक्ष्य रखा है कि 2047 तक हमारा देश विकसित होना चाहिए। मैं मानता हूं कि अगर बिहार को 2047 तक एक ट्रिलियन डॉलर वाला राज्य बनाना है तो उसमें एक बड़ी भूमिका कृषि की हो सकती है, क्योंकि यहां की 77 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। मुझे लगता है कि दूसरी हरित क्रांति की शुरुआत बिहार से हो सकती है।
उन्होंने आगे कहा, "बिहार के राज्यपाल ने भी माना है कि राज्य के किसान काफी मेहनती हैं और उनके अंदर काम करने की क्षमता है। बिहार के गंगा किनारे का हिस्सा खेती के लिए काफी उपयोगी है। बिहार में मिलेट्स का उत्पादन शुरू हो गया है और 40 प्रतिशत लीची का भी उत्पादन होता है। इसके अलावा, 80 प्रतिशत मखाना का उत्पादन भी बिहार में ही होता है।"
डीआर सिंह ने बताया कि बिहार में हेल्दी सॉइल, जल और जलाशय की पर्याप्तता है। बिहार के 16 जिलों में ऑर्गेनिक फार्मिंग भी शुरू हो गई है। किसानों और युवाओं के बीच स्किल डिवेलपमेंट का कार्य जारी है। अभी तक 2 लाख 65 हजार किसानों को ट्रेनिंग भी दी गई है। बिहार में कृषि रोड मैप भी कार्यरत है और उसका असर भी दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार के चार क्लाइमेटिक जोन में 77 प्रतिशत आबादी आज भी खेती से जुड़ी हुई है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय में कार्यरत 19 राज्यों के कृषि वैज्ञानिकों को द्वितीय हरित क्रांति के लिए विजन देने को कहा गया है। साल 2026 में विजन डॉक्यूमेंट तैयार हो जाएगा, जिसमें क्रॉप, वेरायटी, तकनीक, फिशरीज, डेयरी फार्मिंग और ऑर्गेनिक फार्मिंग पर ज्यादा फोकस रहेगा।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति के मुताबिक, बिहार के कई कृषि उत्पाद को जीआई टैग मिल चुका है। अब हम मछली उत्पादन में भी अग्रणी हुए हैं और उसका निर्यात भी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में मखाना बोर्ड दिया है। राज्य में 1 लाख हेक्टेयर में मखाना उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 April 2025 8:40 PM IST