दिल्ली में युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, पुलिस और सीआरपी के जवान तैनात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर सोमवार को लखीमपुर खीरी हिंसा के खिलाफ युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस विरोध मार्च के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। रणजीत सिंह फ्लाईओवर के पास लगाए गए पुलिस बैरिकेड्स द्वारा दोनों रास्तों को अवरुद्ध कर दिया गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस (सीआरपी) को भी तैनात किया गया था।
सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अपने पार्टी कार्यालय से अपना विरोध मार्च शुरू किया और भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़ गए। हालांकि पुलिस ने उन्हें रंजीत सिंह फ्लाईओवर के पास रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों के सम्मान में, कांग्रेस है मैदान में जैसे नारों के साथ, उन्होंने रविवार को लखीमपुर खीरी में कथित तौर पर मारे गए किसानों के लिए न्याय की मांग की।
यूथ कांग्रेस के प्रदर्शनकारी पुलिस बैरिकेड्स को पार करने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि, पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में कामयाब रही। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हिंसा के बाद कम से कम चार किसानों की कथित तौर पर मौत हो गई, जिसके परिणामस्वरूप मौके पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ। राज्य पुलिस ने सोमवार को कहा कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
(आईएएनएस)
Created On :   4 Oct 2021 3:00 PM IST