Shattila Ekadashi 2025: कब है षटतिला एकादशी? जानिए पूजा का शुभ मुहूर्त और विधि
- यह व्रत भगवान विष्णु को समर्पित होता है
- पूजा में काले तिल का महत्व माना गया है
- काली गाय की पूजा करना भी शुभ माना है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिन्दू धर्म में एकादशी का व्रत का अत्यधिक महत्व है। वहीं माघ मास के कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली एकादशी को षटतिला एकादशी (Shattila Ekadashi) के नाम से जाना जाता है। इस वर्ष यह व्रत 25 जनवरी 2025, शनिवार को पड़ रही है। इस दिन लोग व्रत रखते हैं और भगवान श्रीहरि यानि कि विष्णु जी की विधि विधान से पूजा करते हैं। इस दिन काली गाय की पूजा करना भी शुभ माना गया है।
षटतिला एकादशी के दिन दान करने का भी बड़ा महत्व माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि, जो भी व्यक्ति इस दिन अपनी क्षमतानुसार दान करता है, तो उस पर श्रीहरि की विशेष कृपा होती है। इस दिन पूजा के समय काले तिल के प्रयोग का विशेष महत्व होता है। वहीं इस एकादशी पर कैसे पूजा की जानी चाहिए और क्या है इसका मुहूर्त आइए, जानते हैं...
षटतिला एकादशी व्रत मुहूर्त
तिथि आरंभ: 24 जनवरी 2025, शुक्रवार की शाम 7 बजकर 25 मिनट से
तिथि समापन: 25 जनवरी 2025, शनिवार की रात 8 बजकर 31 मिनट तक
पारण का समय: 26 जनवरी 2025, रविवार की सुबह 7 बजकर 12 मिनट से लेकर 9 बजकर 21 मिनट तक।
पूजा की विधि
- षटतिला एकादशी के दिन ब्रम्ह मुहूर्त में स्नानादि करें।
- इसके बाद सूर्य को अर्ध्य दें और भगवान विष्णु का नाम लेकर व्रत प्रारंभ करें।
- भगवान को पुष्प, धूप आदि अर्पित करें।
- पूजा के समय भगवान विष्णु को तिल से बनी चीजों का भोग लगाएं।
- हवन करते वक्त तिल में देशी घी मिलाएं।
- इस दिन रात जागरण करना शुभ फल प्रदान करता है।
- ओम नमो भगवते वासुदेवाय नमः मंत्र का जाप अति फलदायी एवं उत्तम बताया गया है, इसका लाभ मनुष्य को जीवनकाल में अवश्य ही प्राप्त होता है।
- एकादशी व्रत के दिन पूजा के समय षटतिला एकादशी व्रत कथा जरूर पढ़ें या सुनें।
- द्वादशी के दिन सुबह उठकर स्नान के बाद भगवान विष्णु को भोग लगाएं और ब्राह्मणों को भोजन कराने के बाद खुद अन्न ग्रहण करें।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   23 Jan 2025 6:13 PM IST