Magh Purnima 2025: कब है माघ पूर्णिमा 11 या 12 फरवरी? जानें सही तारीख, पूजा विधि और शुभ मुहूर्त
![कब है माघ पूर्णिमा 11 या 12 फरवरी? जानें सही तारीख, पूजा विधि और शुभ मुहूर्त कब है माघ पूर्णिमा 11 या 12 फरवरी? जानें सही तारीख, पूजा विधि और शुभ मुहूर्त](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/10/1402129-magh-poornima.webp)
- माघ पूर्णिमा पर विष्णु जी की पूजा की जाती है
- गंगा स्नान से सभी तरह के पुण्य लाभ मिलते हैं
- इस वर्ष 12 फरवरी को रखा जाएगा पूर्णिमा व्रत
डिजिटल डेस्क, भोपाल। सनातन धर्म में पूर्णिमा को काफी महत्वपूर्ण माना गया है। शास्त्रों में भी इस दिन व्रत रखना काफी शुभ फलदायी बताया गया है। इस दिन भगवान श्री हरि और मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है। ऐसा माना जाता है कि, माघ पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु स्वयं गंगा नदी में स्नान करने आते हैं। इसलिए जो भी माघ पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान करता है उसको सभी तरह के पुण्य लाभ मिलते हैं।
वहीं माघ माह में आने वाली पूर्णिमा तिथि विशेष मानी जाती है, वहीं इस बार महाकुंभ के चलते इसका महत्व और भी बढ़ गया है। हालांकि, तिथि को लेकर लोगों में असमंजस बना हुआ है। कई लोग पूर्णिमा 11 फरवरी तो कई 12 फरवरी को मान रहे हैं। आइए जानते हैं माघ पूर्णिमा का व्रत कब रखा जाएगा और क्या है पूजा की विधि और मुहूर्त...
माघ पूर्णिमा 2025 तिथि
तिथि आरंभ: 11 फरवरी 2025, मंगलवार की शाम 6 बजकर 41 मिनट से
तिथि समापन: 12 फरवरी 2025, बुधवार की शाम 6 बजकर 53 मिनट तक
कब रखें व्रत?
शास्त्रों के अनुसार, प्रदोष काल में पूर्णिमा तिथि होने पर ही पूर्णिमा का व्रत किया जाता है। ऐसे में 12 फरवरी को ही माघ पूर्णिमा का व्रत किया जाएगा। इसी तिथि को सूर्योस्त के समय ही चंद्रदेव को अर्घ दिया जाएगा। ज्योतिषियों की मानें तो 12 तारीख को ही स्नान करना और व्रत रखना सही होगा।
इस विधि से करें पूजा
- इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नानादि से निवृत्त हों।
- स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य दें और माघ पूर्णिमा व्रत का संकल्प लें।
- पूजा के लिए लकड़ी की चौकी पर पीले रंग के वस्त्र बिछाएं।
- इसके बाद चारों तरफ से कलावा बांध दें।
- अब भगवान विष्णु का पंचामृत से स्नान कराएं और उन्हें वस्त्र आदि अर्पित करें।
- इसके बाद तिलक करें और प्रसाद के लिए पंचामृत, कसार, केले आदि अर्पित करें।
- पूर्णिमा व्रत कथा का पाठ करें और अंत में भगवान की आरती करें।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   10 Feb 2025 4:56 PM IST