- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- उमरिया
- /
- अध्यक्ष अनुजा पटेल बीएससी वहीं हाई...
अध्यक्ष अनुजा पटेल बीएससी वहीं हाई स्कूल फेल उपाध्यक्ष अन्नू चलाएंगे जिला पंचायत

डिजिटल डेस्क,उमरिया। दो माह से चल रही त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव के बाद अब जिले की सबसे बड़ी पंचायत जिला पंचायत को नई परिषद मिल चुकी है। हाल ही में सपन्न अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया में दोनों ही पदों पर नाम तय हो चुके है। अब गांव में विकास का भविष्य बीएएससी ग्रेज्युएट अध्यक्ष अनुजा पटेल व 10वीं फेल उपाध्यक्ष ओमनारायण उर्फ अन्नू सिंह तय करेंगे। ये दोनों ही निर्वाचित सदस्य मानपुर जनपद से हैं। पहली बार जिला पंचायत चुनाव में विजयी हुई हैं।
10 में चार स्नातक, एक अनपढ़ भी
सभी 10 वार्डों में विजयी हुए प्रत्याशियों के शैक्षिक योग्यता पर गौर करें तो 10 में से चार स्नातक शिक्षा धारी हैं। वहीं तीन हाई स्कूल तथा शेष दो में एक साक्षर व एक अनपढ़ सदस्य भी शामिल है। सर्वाधिक शिक्षित में मनोहर सिंह मरावी वार्ड क्रमांक छह सदस्य हैं। वे पोस्ट ग्रेज्युएट हैं। वहीं न्यूनतम शिक्षा में मीना कैलाश सिंह अनपढ़ तथा बेला अुर्जन सैयाम साक्षर हैं।
सावित्री व ओमकार करोड़पति
आर्थिक रूप से संपन्न जनप्रतिनिधियों में पेशे से किसान व पति शासकीय सेवक सावित्री सिंह धुर्वे करोड़पति हैं। उनके पास एक करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति है। परिवार में 26 लाख 96,500 चल संपत्ति तथा डेढ़ करोड़ की अचल संपत्ति है। हालांकि 10 लाख रुपए परिवार पर ऋण है। इसके बाद ओमकार सिंह बबलू हैं। उनके पास परिवार समेत चल-अचल संपत्ति 1 करोड़ 9 लाख 25 हजार रुपए की हैं। शेष सभी निर्वाचन सदस्य भी लखपति हैं।
अनुजा व हेमनाथ सबसे युवा
समाजसेवा में अनुभव के मामले में इस बार जिला पंचायत में अध्यक्ष पद पर बैठी अनुजा पति वीरेन्द्र सिंह निवासी उरदना मानपुर सबसे युवा सदस्य हैं। उनकी उम्र 31 वर्ष है। इसके बाद कांचोदर पाली निवासी हेमनाथ पिता रामशरण 32 वर्ष के हैं। सबसे उम्र दराज 60 वर्षीय जनप्रतिनिधि में मनोहर सिंह मरावी पिता जेठू हैं। औसतन आठ सदस्य 40 से अधिक आयु वर्ग के हैं।
दो के विरुद्ध अपराधिक प्रकरण
चुनी गई जिला पंचायत सदस्य में दो के विरुद्ध अपराध प्रकरण भी है। 10वीं उत्तीर्ण ओमकार सिंह के विरुद्ध तीन प्रकरण हैं। वहीं प्राथमिक शिक्षा प्राप्त सावित्री पति मौजीलाल के विरुद्ध एक मामला न्यायालय में विचारणीय है। पेश से 10 में से 8 निर्वाचित सदस्यों ने खेती करना बताया है। उपाध्यक्ष ओमनारायण अन्नू सिंह ठेकेदार हैं। वहीं बेला पति अजुर्न सैयाम गृहणी हैं।
Created On :   1 Aug 2022 2:38 PM IST