टंकी फुल कराने से पहले जान लें पेट्रोल- डीजल के ताजा रेट, कंपनियों ने दी राहत या बढ़ गए दाम

- डीजल के रेट में भी कोई फेरबदल नहीं हुआ
- पेट्रोल के दाम में नहीं हुआ कोई बदलाव
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय तेल विपणन कंपनियों (इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम) ने लंबे समय से पेट्रोल- डीजल (Petrol- Diesel) की कीमतों में कोई परिवर्तन नहीं किया है। यह हालात बीते करीब 4 माह से बने हुए हैं, हालांकि इन दिनों में अधिकांश समय अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है, जो कि वर्तमान में भी बरकरार है। वहीं कई बार क्रूड का भाव चढ़ा भी, लेकिन देश में स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही।
फिलहाल बात करें आज (12 दिसंबर 2022, सोमवार) की तो सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने वाहन ईंधन के दाम में कोई फेरबदल नहीं किया है। मालूम हो कि, देश में आखिरी बार 22 मई 2022 को आमजनता को महंगाई से राहत देने केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी में कटौती की गई थी। सरकार के इस कदम के बाद पेट्रोल 8 रुपए और डीजल 6 रुपए प्रति लीटर तक सस्ता हो गया था। आइए जानते हैं आज के ताजा रेट...
महानगरों में पेट्रोल-डीजल की कीमत
इंडियन ऑयल (Indian Oil) की वेबसाइट के अनुसार आज देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं बात करें डीजल की तो दिल्ली में कीमत 89.62 रुपए प्रति लीटर है। आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 106.35 रुपए प्रति लीटर है, तो एक लीटर डीजल 94.27 रुपए में उपलब्ध होगा।
इसी तरह कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल के लिए 106.03 रुपए चुकाना होंगे जबकि यहां डीजल 92.76 प्रति लीटर है। चैन्नई में भी आपको एक लीटर पेट्रोल के लिए 102.63 रुपए चुकाना होंगे, वहीं यहां डीजल की कीमत 94.24 रुपए प्रति लीटर है।
ऐसे जानें अपने शहर में ईंधन की कीमत
पेट्रोल-डीजल की रोज की कीमतों की जानकारी आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इसके लिए इंडियन ऑयल के उपभोक्ता को RSP लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। वहीं बीपीसीएल उपभोक्ता को RSP लिखकर 9223112222 नंबर पर भेजना होगा, जबकि एचपीसीएल उपभोक्ता को HPPrice लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजना होगा, जिसके बाद ईंधन की कीमत की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
Created On :   12 Dec 2022 9:54 AM IST