रीवा: देवरानी-जेठानी को जिंदा दफनाने की कोशिश, एक आरोपी गिरफ्तार, फरार हैं दो अरोपी

  • बीएनएस की धारा 110 का अपराध दर्ज किया गया है
  • हाइवा के ड्राइवर प्रदीप कोल के विरुद्ध कायमी की गई थी
  • ससुर गोकरण एवं देवर विपिन पांडेय को भी आरोपी बनाया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-22 04:55 GMT

डिजिटल डेस्क, रीवा। मनगवां थाना अंतर्गत कोठार में विवादित जमीन पर रोड निर्माण कार्य का विरोध कर रही देवरानी- जेठानी को दिनदहाड़े जिंदा दफनाने की कोशिश के तीन में से एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि 2 अभी फरार हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 110 (मानव वध प्रयास) का अपराध दर्ज किया गया है। पहले इस मामले में सिर्फ हाइवा के ड्राइवर प्रदीप कोल के विरुद्ध कायमी की गई थी। अब महिलाओं के पारिवारिक ससुर गोकरण पांडेय एवं देवर विपिन पांडेय को भी आरोपी बनाया गया है।

दोनों आपस में चाचा-भतीजे हैं। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि विपिन पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। इस वारदात में आरोपियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।

झगड़े की जड़ में जमीन:

मनगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कोठार में शनिवार उस वक्त विवादास्पद स्थिति पैदा हो गई जब आरोपी गोकरण पांडेय द्वारा सड़क निर्माण के लिए मुरुम गिरवाई जा रही थी। खबर मिलने पर आशा पांडेय पति सुरेश (25) अपनी देवरानी ममता पांडेय पति जीवेश के साथ मौके पर पहुंची। इन लोगों ने हाइवा वाहन के चालक से मुरुम नहीं गिराने को कहा। दोनों महिलाएं हाइवा के पीछे जाकर बैठ गईं।

इसी बीच ड्राइवर से मुरुम इन महिलाओं पर पलट दी। दोनों महिलाएं मुरुम में दब गईं। चीख- पुकार मच गई। आरोप है कि देवरानी-जेठानी को जिंदा दफनाने की कोशिश की गई मगर परिवार और गांव के लोगों ने दौड़ कर इन महिलाओं को निकाला और अस्पताल भेजा। रविवार को दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दोनों पक्षों के बीच जमीन का विवाद लंबे समय से चल रहा है।

कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल :

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री को आड़े हाथ लिया है। मध्यप्रदेश महिलाओं पर अत्याचार में पहले नंबर पर है। ऐसे में बहनें सरकार से क्या उम्मीद रख सकती हैं। क्या, इस घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच होगी। सरकार महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों को रोकने में बार- बार असफल हो रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव ने लिखा है कि महिलाओं ने अपनी जमीन पर सड़क बनाने का विरोध कियाए तो दबंगों ने मुरुम के नीचे दबा कर जिंदा दफनाने का प्रयास किया। भाजपा की सरकार में माफियाओं का बोलबाला है।

इनका कहना

जमीनी विवाद में हुई इस घटना पर 3 आरोपी बनाए गए हैं। मानव वध के प्रयास का अपराध दर्ज किया गया है एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

विवेक सिंह, एसपी रीवा

Tags:    

Similar News